खतरे में डाली जान: फेयरवेल पार्टी के बाद छात्रों ने निकाला कारों का जुलूस, वीडियो वायरल होने पर कटा चालान
शाहजहांपुर में एक निजी स्कूल के छात्रों ने फेयरवेल पार्टी के बाद कारों का जुलूस निकाला। चलती कार पर बैठकर स्टंट किया। इसके वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने तीन वाहनों का चालान काटा है।
विस्तार
शाहजहांपुर में बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने विदाई समारोह के दौरान कारों का जुलूस निकाला। इसके वीडियो वायरल हुए हैं। एक वीडियो में चलती कार पर एक छात्र बैठा नजर आ रहा। वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने संज्ञान लेते हुए एमवी एक्ट में चालान किया। साथ ही स्कूल प्रबंधन ने भी छात्रों से नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
पुवायां मार्ग पर स्थित एक नामी निजी स्कूल में शनिवार को 12वीं के छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह का आयोजन किया था। समारोह से पहले विद्यार्थियों ने कारों का काफिला निकाल दिया। लग्जरी कार के ऊपर एक छात्र बैठा नजर आया। दूसरी चलती कार में छात्रा खिड़की पर बैठी नजर आ रही। अन्य कारों में छात्र-छात्राएं खिड़की से बाहर झांक रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन ने वीडियो देखकर की पहचान
काफिले में ट्रैक्टर भी नजर आ रहा है। इसके दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस ने संज्ञान लिया। वीडियो मिलने के बाद स्कूल का नाम सामने आने पर पड़ताल की, लेकिन लोकेशन नहीं मिल पाई। यातायात पुलिस ने सिंधौली पुलिस का सहयोग लिया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने वीडियो देखकर अपने विद्यालय के छात्र व परिसर को ट्रेस किया।
स्कूल प्रबंधन ने सफाई दी है कि यातायात नियम तोड़ने पर छात्र-छात्राओं से नाराजगी जताते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। टीएसआई विनय पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो में तीन वाहनों के नंबर दिख रहे हैं। इन वाहनों के दो-दो हजार रुपये के चालान किए गए हैं।
दोबारा घटना नहीं हो...स्कूल को दी जाएगी चेतावनी
यातायात नियमों का पालन कराने की तमाम कार्यशालाएं होने के बावजूद नियम तोड़े जा रहे हैं। पुवायां रोड जैसे मुख्य मार्ग पर वाहनों को दौड़ाने से हादसा होने की आशंका बनी रहती है। छात्र-छात्राएं अपनी जान की परवाह किए बिना विदाई समारोह के दौरान चलती कार से खिड़की से बाहर लटक रहे थे। सिंधौली पुलिस स्कूल प्रबंधन को चेतावनी जारी करेगी। साथ ही स्कूल से रिपोर्ट भी मांगी गई है।