Shahjahanpur: होली पर कड़ी सुरक्षा में निकलेंगे 'लाट साहब', ढके गए धर्मस्थल; जिले में 2855 जगहों पर होलिका दहन
शाहजहांपुर में होली पर लाट साहब के जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से निकालने को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी ताकत झोंक रहा है। शहर में आठ समेत जिले में 24 लाट साहब के जुलूस निकाले जाएंगे। शहर में बड़े लाट साहब के जुलूस के रूट को तीन और छोटे लाट साहब के जुलूस को तीन जोन में बांटा गया है। जिले में 2855 स्थलों पर होलिका दहन किया जाएगा। शहर में बड़े लाट साहब के जुलूस को आरएएफ के घेरे में निकाला जाएगा।
छोटे लाट साहब के जुलूस में 29 स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई जा रही है और 10 धार्मिक स्थलों को तिरपाल से ढक दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 10 सीओ, 50 निरीक्षक, 200 उपनिरीक्षक, 1000 कांस्टेबल, एक कंपनी आरएएफ और एक कंपनी पीएसी मांगी गई है। जुलूस की निगरानी में छह ड्रोन कैमरा और 20 वीडियो कैमरामैन छतों आदि पर रिकार्डिंग के लिए लगाए जाएंगे। 150 सीसीटीवी कैमरों से जुलूस की निगरानी की जाएगी। बाकी स्थानीय स्तर पर करीब 1500 पुलिस कर्मियों का फोर्स भी लगाया जाएगा।