फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   political,shahjahanpur 140 vidhan sabha 2022, katra 136 vidhan sabha 2022, jalalabad 137 vidhan sabha 2022, tilhar 138 vidhan sabha 2022, powayan 139 vidhan sabha 2022, dadraul 141 vidhan sabha 2022

भाजपा के विकास के दावे को विपक्ष ने किया खारिज

Thu, 18 Nov 2021 01:02 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Thu, 18 Nov 2021 01:02 AM IST
विज्ञापन
political,shahjahanpur 140 vidhan sabha 2022, katra 136 vidhan sabha 2022, jalalabad 137 vidhan sabha 2022, tilhar 138 vidhan sabha 2022, powayan 139 vidhan sabha 2022, dadraul 141 vidhan sabha 2022
शाहजहांपुर के एसएस कॉलेज में युवाओं ने रखी अपनी बात । संवाद - फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में वोट मांगने के लिए राजनीतिक दलों के लोग जनता के बीच किन मुद्दों को लेकर जाएंगे, इन सवालों का जवाब पाने के लिए अमर उजाला का चुनावी रथ सत्ता का संग्राम बुधवार को यहां पहुंचा। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख नेताओं और उनके समर्थकों से चुनावी चर्चा में यही ज्वलंत सवाल किए गए तो मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
विज्ञापन

भाजपा के लोगों ने तेजी से स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहे शहर की चौड़ी हो रही सड़कों, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था में सुधार सहित विकास के तमाम कार्य गिनाए, लेकिन विपक्षी दलों के नेताओं ने उनके दावों को सिरे से खारिज कर उन्हें सरासर झूठा बताया। उनका कहना था कि भाजपा के शासनकाल में झूठी जुमलेबाजी के अलावा कोई काम नहीं हुआ। योगी शासनकाल के दौरान तमाम ऐसे कार्यों पर भाजपा ने अपना ठप्पा लगाया, जिनकी शुरुआत अथवा स्वीकृति पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में हुई थी।
विज्ञापन

सड़कें चौड़ी होने के बावजूद भ्रष्ट तंत्र द्वारा अनियोजित तरीके से विकास कार्य कराए जाने से शहर की सड़कों पर आज भी जाम की समस्या बरकरार है और जगह-जगह कूड़े-गंदगी के ढेर लोगों को पहले की तरह दूषित माहौल में रहने को मजबूर कर रहे हैं। यही नहीं, उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सत्ता पक्ष के नेताओं को सवालों के कटघरे में खड़ा किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

शहर की बदली तस्वीर, अपराधों पर कसी लगाम : भाजपा
भाजपा के जिला महामंत्री अनिल गुप्ता सत्ता पक्ष के लिए खुलकर बोले और जहां उनकी आवाज विपक्षी दलों के समर्थकों के शोर में कमजोर पड़ी, वहां उनके समर्थन में भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह संयोजक किशोर कुमार गुप्ता मुखर हुए। भाजपा नेता अनिल ने कहा कि विपक्षी दलों की तरह हम सिर्फ चुनाव के दौरान जनता के बीच नहीं जाते, बल्कि पार्टी के बूथ कार्यकर्ता पूरे वर्ष अपने क्षेत्र के लोगों से जुड़ाव बनाए रखते हैं। योगी सरकार के कार्यकाल में सड़कें चौड़ी करने के साथ अन्य विकास कार्यों के माध्यम से पूरे शहर की तस्वीर बदली जा रही है और समाज के सभी वर्गों को केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर सबका साथ-सबका विकास की नीति को मूर्त रूप दिया जा रहा है। शहर समेत जिले में अपराधों और अपराधियों पर भी कड़ाई से अंकुश लगाया गया है और जनता के लिए कई ऐसे बुनियादी काम शुरू किए गए, जिनके बारे में विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने कभी सोचा तक नहीं था।
भाजपा के लोग झूठ बोलकर फर्जी दावे करने में माहिर : कांग्रेस
कांग्रेस की ओर से जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने भाजपा नेताओं के विकास से जुड़े दावों को खारिज कर उन्हें सरासर झूठ करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग जितना बेहतर तरीके से झूठ बोल लेते हैं, उतनी सफाई से कांग्रेसी सच भी नहीं बोल पाते। किसानों के लिए पराली जलाना जुर्म है, क्योंकि उससे प्रदूषण होता है, लेकिन भाजपा के लोग बताएं कि ककरा में कूड़ा जलाए जाने से क्या ऑक्सीजन निकल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में काम कम और घोटाले ज्यादा हुए। मौजूदा सरकारों के कार्यकाल मेें जिले में एक भी उद्योग या नया कारखाना लगा हो तो सत्ता पक्ष के लोग बताएं।
अखिलेश सरकार में हुई सौंदर्यीकरण की शुरुआत : सपा
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कहा कि भाजपा की सरकार ने अपने कार्यकाल में जुमलेबाजी ज्यादा की, काम कम कराए। यही नहीं, जो काम अखिलेश सरकार में शुरू कराए गए उनका श्रेय भी भाजपा के लोग लेने पर आमादा हैं। जनपद के किसान पहले बाढ़ में फसलें बरबाद होने और अब सेंटरों पर धान की बेकदरी होने से परेशान हैं। बेरोजगार युवा भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें रोजगार नहीं दे रही। सपा सरकार ने अपने कार्यकाल में युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम किया। विकास के नाम पर कमीशन खाए जाने से शहर की समस्याएं जस की तस बनी हैं और लोग अब इस सरकार की विदाई चाहते हैं।
जनता को दिल्ली मॉडल की सरकार का इंतजार : आप
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष और शहर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के घोषित प्रत्याशी राजीव यादव ने कहा कि उनकी पार्टी आजाद भारत का ऐसा पहला राजनीतिक दल है, जिसने काम के आधार पर वोट मांगा और जनता ने उसे निराश नहीं किया। इसीलिए आज देश के हर राज्य में दिल्ली मॉडल विशेषकर मुफ्त बिजली देने की बात होने लगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आप की सरकार बनी तो न सिर्फ शाहजहांपुर, बल्कि प्रदेश के सभी जनपदों की शिक्षा व्यवस्था और उससे जुड़ी सुविधाओं में आमूल सुधार होगा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए दिल्ली की तरह मोहल्ला क्लीनिक भी खोले जाएंगे।
उद्योगों में स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार : लोजशपा
लोक जनशक्ति पार्टी की ओर चुनाव चर्चा में मौजूद महानगर अध्यक्ष रचित मोहन सक्सेना ने भाजपा के लोग जनहित के काम करने के बजाय केवल अपना हित साध रहे हैं। पुवायां क्षेत्र में सत्ता पक्ष एक कद्दावर नेता ने अपने प्रभाव के बूते सरकारी और निजी जमीनें कब्जाने में जुटे हैं। लोजशपा की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जाएगा।
चर्चा में यह सभी रहे मौजूद
चुनाव चर्चा में भाजपा नेता सुनील सैनी, कांग्रेस नेता कृष्ण विनोद मिश्र, तनवीर सफदर, फुरकान अहमद कुरैशी व मोहम्मद नबी, सपा के महानगर अध्यक्ष कपिल वर्मा, विजय सिंह, जफर खां, अंकुर कटियार व अभय कुमार, बहुजन समाज पार्टी के मंडल जोन को-आर्डिनेटर रामलड़ैते कनौजिया, आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव कीर्तिमान प्रकाश च्यवन व प्रवक्ता महेंद्र चावला, आशा वर्कर कल्याण समिति की जिलाध्यक्ष कमलजीत कौर, व्यापारी नेता मो. सलाउद्दीन, पार्थ यादव आदि मौजूद रहे।
शहर में कानून व्यवस्था पर संतोष, बढ़ती महंगाई पर नाराजगी
शाहजहांपुर। अमर उजाला के चुनावी रथ का बुधवार सुबह पहला पड़ाव खिरनीबाग मोहल्ले में चाय की दुकान पर था। चाय की चुस्की ले रहे लोगों के साथ टीम ने शहर का हाल जाना और उनका मूड भांपने की कोशिश की। सुमित प्रसाद ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था में काफी सुधार आया है। प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद बदलाव हुआ है। राकेश मिश्रा एड. अलग राय रखते थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के नाम पर जंगलराज कायम है। लूटपाट, हत्या, राहजनी हो रही है। अजय गुप्ता ने कहा कि दिवाली में एक वारदात के बाद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। व्यापारी नेता सचिन बाथम ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद व्यापारियों के साथ घटनाओं पर रोक लगी है। विकास भी हुआ है। सुनील का कहना था कि योगी सरकार में व्यापारियों को सिर्फ निराशा ही हाथ लगी है।
सरदार राजू बग्गा बोले कि कारोबार घटता-बढ़ता रहता है। इसमें सरकार की कोई गलती नहीं है। पूर्व सभासद कृष्ण कुमार विन्नू ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है। डॉ. विकास खुराना ने कहा कि वर्तमान में महंगाई एक बड़ा मुद्दा है। नोटबंदी और कोरोना महामारी की वजह से महंगाई बढ़ी है। डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि महंगाई बढ़ रही है, इसमें कोई दोराय नहीं है। लेकिन आने वाले चुनाव में मतदाताओं का रुख किस ओर है यह कहना संभव नहीं है। मतदाता अब जागरूक हो गया है।
उसे पता है कि किसको सत्ता में लाना है। चाय विक्रेता नीरज उर्फ मोनी ने कहा कि उनका व्यवसाय ठीक चल रहा है। शहर में विकास कार्य प्रगति पर हैं। इस दौरान व्यापारी अशोक गुप्ता, एसएस कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विशाल पांडेय, लेक्चचर डॉ. विकास पांडेय, शिव कुमार गुप्ता, डॉ. आलोक दीक्षित, परवेश यादव, फैज असलम, देवकुमार द्विवेदी, नरेंद्र सिंह, गौरव अग्निहोत्री, राकेश कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।
महिलाएं बोलीं, सुरक्षा और जाम से मुक्ति अहम मुद्दा
शाहजहांपुर। अमर उजाला का चुनावी रथ रविवार दोपहर 12 बजे ऑल सेंट स्कूल पहुंचा। यहां पर महिलाओं से बातचीत कर विधानसभा चुनाव से पहले उनके मुद्दों को समझा गया। अधिकतर महिलाओं ने कहा कि सरकार अच्छा काम कर रही है, लेकिन सुरक्षा और शहर के जाम से मुक्ति के मुद्दों पर सरकार का काम अपेक्षापूर्ण नहीं है।
काजल खन्ना ने कहा कि जाम बड़ा मुद्दा है। अधिकारी अगर ध्यान दें तो इस समस्या से निजात मिल सकती है। मोनिका खन्ना ने भी जाम और अतिक्रमण की समस्या को उठाया। मंतशा ने कहा कि शहर में काफी विकास हुआ है। कुछ कमियां हैं, जिन्हें दूर करना चाहिए। अनाया खां ने शहर में गंदगी होने का मुद्दा उठाया। शिल्पी गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिला सुरक्षा के लिए काफी काम किया है। अब महिलाएं देर रात में भी सुरक्षित घर पहुंचती हैं।
तस्कीन ने कहा कि सुरक्षा का मुद्दा काफी अहम है। अब भी लेट नाइट लड़कियां घर से बाहर नहीं निकल सकतीं। तस्कीन ने शहर में इंडस्ट्री न होने से बाहरी शहरों में जाकर काम करने की मजबूरी का मुद्दा उठाया। जोया ने बेरोजगारी दूर करने के लिए इंडस्ट्री बढ़ाने और यूनिवर्सिटी बनाने की मांग की। रचना सिंह एडवोकेट ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। सुरक्षा के मामले में सुधार की जरूरत है।
शैल सक्सेना ने रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की। यू-ट्यूबर नूपुर गुप्ता ने भैंसों के निकलने पर लगने वाले जाम की समस्या का मुद्दा उठाया। डॉ. नमिता सिंह ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर सरकार को बहुत काम करने की जरूरत है। शहर में मेडिकल सुविधाएं बढ़नी चाहिए। डेंगू जैसी बीमारियों को खत्म करने के लिए फॉगिंग भी नहीं कराई जा रही।
विम्मी सैनी ने महंगाई कम करने के लिए कहा। अन्य महिलाओं ने भी महंगाई की समस्या पर सहमति जताई। साक्षी रस्तोगी, जोया खां, तस्कीन खां, नेहा, पूजा, मेघा, आंचल, नूपुर, खुशी रस्तोगी, रंजना मिश्रा, शिल्पी गुप्ता, रम्मन गुप्ता, अजरा खां, गुंजन सिंह आदि ने समस्याओं को सामने रखा।
भ्रष्टाचार पर नहीं लग पा रही लगाम, युवा घूम रहे बेरोजगार
शाहजहांपुर। रविवार दोपहर दो बजे एसएस लॉ कॉलेज के ग्राउंड में अमर उजाला का चुनावी रथ पहुंचा। इस दौरान युवाओं से जुड़े तमाम मुद्दों पर परिचर्चा की गई। युवाओं ने भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और विकास के मुद्देे पर बेबाकी से अपनी बात रखी। शिवम राठौर ने कहा कि सत्ता तो बदली है, लेकिन भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लग पा रहा है।
उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि कचहरी में कोई भी बैनामा कराने जाने पर फीस से अधिक चार्ज लिया जाता है। अखिलेश कुमार यादव का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास नहीं हो रहा है। प्रियंका चावला ने कहा कि योगी सरकार में लड़कियों की सुरक्षा पर जितना ध्यान देने की जरूरत थी, उतना नहीं दिया गया। दामिनी शुक्ला बोलीं कि सरकार तो अपना काम करती है, लेकिन हमें खुद भी अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक होना होगा।
अनुष्का सक्सेना ने भी दामिनी की बात का समर्थन किया। मानवेंद्र ने कहा कि युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। सरकार को रोजगार उपलब्ध कराने चाहिए। वैभव गुप्ता बोले कि रोजगार पाने के लिए स्किल होना जरूरी है। मनु शुक्ला ने कहा कि स्किल होने के बावजूद बहुत से युवा आरक्षण व्यवस्था की वजह से भी वंचित रह जाते हैं। अनुज ने शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को आगे बढ़ने का मौका देने की बात कही।

विवेक बोले कि सरकार के काम से हर कोई खुश नहीं हो सकता है। कहीं न कहीं कोई कमी जरूर रह जाती है। रजत ने सड़कों की दुर्दशा को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि सड़कें ठीक नहीं है, सालों बीत गए लेकिन कटरा में एक ओवरब्रिज नहीं बन पाया है। उनका यह भी कहना था कि छात्रों के हित में कोई काम योगी सरकार में नहीं हुआ है। इस दौरान वैभव गुप्ता, सौमित्र यादव, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सुमित चौहान, अभिषेक तिवारी, शंभू सिंह, अभय प्रताप, आकाश कुमार, संदीप, प्रिंस कुमार, अजय कुमार वर्मा, शिवेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

शाहजहांपुर के शहीद उद्यान में अपनी बात रखते राजनैतिक दलो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता । संवाद

शाहजहांपुर के शहीद उद्यान में अपनी बात रखते राजनैतिक दलो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR

 

शाहजहांपुर के खिरनी बाग में चाय पर चर्चा करते शहर के नागरिक । संवाद

शाहजहांपुर के खिरनी बाग में चाय पर चर्चा करते शहर के नागरिक । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR

 

शाहजहांपुर के ऑल सेंट स्कूल में महिलाओं ने सरकार के बारे में पेश की राय। संवाद

शाहजहांपुर के ऑल सेंट स्कूल में महिलाओं ने सरकार के बारे में पेश की राय। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed