Shahjahanpur News: पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश, पैर में लगी गोली
शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस की गोकशी के आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।
विस्तार
शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट व गोकशी के मुकदमों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार तड़के हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में पुलिस की गोली लगी है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका दूसरा साथी मौका पाकर बाइक से फरार हो गया।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि तिलहर इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह मंगलवार की सुबह तकरीबन 4:30 बजे पुलिस बल के साथ जैतीपुर रोड पर गांव भुडेली के पास गश्त पर थे। इसी दौरान गांव भुडेली के पास सड़क पर बाइक सवार दो व्यक्ति देखे गए। जब पुलिस टीम उनके पास पहुंची, तब एक युवक बाइक लेकर जैतीपुर की ओर भाग गया जबकि दूसरा युवक भुडेली में खेतों की ओर भागा।
बरेली का रहने वाला है बदमाश
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। उसने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर ली। इस दौरान इंस्पेक्टर और एसआई घनश्याम ने युवक पर एक-एक फायर किया। एक गोली बदमाश के बायें पैर में लगी है। पुलिस ने घायल बदमाश को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश 50 वर्षीय आरिफ निवासी परतापुर चौधरी थाना इज्जत नगर बरेली का निवासी है।
आरिफ गैंगस्टर एक्ट का वांछित और 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त है। उसका दूसरा साथी 22 वर्षीय शाकिर निवासी पीर बहौडा इज्जतनगर (बरेली) हाल निवासी मुड़िया जागीर थाना देवरनिया बरेली भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरिफ के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस और खोखा बरामद हुआ है।
पुलिस ने बताया कि आरिफ बरेली के इज्जतनगर, शाहजहांपुर तिलहर और कटरा थानों में गैंगस्टर और गोकशी के मुकदमों में वांछित था। भेष बदलकर बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर में गोकशी करता था। आरिफ पर गोकशी आदि के 12 मुकदमे दर्ज हैं। आरिफ ने बताया कि वह गोवशं पकड़ने की फिराक में था। वह संरक्षित पशुओं का मांस बेचकर अपना खर्चा पूरा करता था। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरिफ पर पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।