नवागत डीएम कर्ण सिंह चौहान ने शनिवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कलक्ट्रेट पहुंचने पर अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर मीडिया से मुखातिब होते हुए डीएम चौहान ने कहा कि चुनाव आयोग और शासन ने उन्हें जिस विश्वास से यहां भेजा है, उस पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे और विधानसभा चुनाव निर्विघ्न, निष्पक्ष, शांतिपूर्वक और पारदर्शितापूर्ण संपन्न कराएंगे। डीएम कर्ण सिंह चौहान करीब तीन बजे कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां उनकी अगवानी को खड़े एडीएम वित्त एवं राजस्व सर्वेश कुमार, एडीएम प्रशासन जितेंद्र शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट विजय शंकर दुबे, एसडीएम सदर रामजी मिश्र, सीओ सिटी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव, सीओ सदर अखिलेश भदौरिया आदि ने पुष्पगुच्छ देकर डीएम का स्वागत किया। इसी कड़ी में पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। स्वागत-सत्कार के बाद चौहान सीधे कोषागार पहुंचे, जहां विधिवत कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपने कक्ष में मीडिया से औपचारिक मुलाकात की। कर्ण सिंह चौहान 1983 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। पदोन्नति के बाद वह खाद्य विभाग के विशेष सचिव, पीसीएफ के प्रबंध निदेशक समेत कई पदों पर रहे। वह इससे पहले अंबेडकर नगर, बलरामपुर, संभल, रामपुर आदि जनपदों में बतौर जिलाधिकारी रह चुके हैं।मूलरूप से बांदा निवासी कर्ण सिंह एमएससी, लॉ, एलएलएम किए हुए हैं। इस बीच उन्होंने कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर कलक्ट्रेट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।