शाहजहांपुर में दिनदहाड़े लूट: कार सवार बदमाशों ने लिफ्ट देकर दंपती से नकदी-जेवर लूटे, पुलिस जांच में जुटी
शाहजहांपुर के सेहरामऊ दक्षिणी में कार सवार बदमाशों ने लिफ्ट देकर दंपती से नकदी और जेवर लूट लिए। बृहस्पतिवार दोपहर को हुई लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पुलिस जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
शाहजहांपुर के सेहरामऊ दक्षिणी में कार सवार बदमाशों ने बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने थाना आरसी मिशन क्षेत्र के गांव दनियापुर निवासी रामकृपाल और उनकी पत्नी कमला देवी को कार में लिफ्ट देकर उनसे नकदी और जेवर लूट लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खेतीबाड़ी करने वाले रामकृपाल की पत्नी कमला देवी की आंख में दिक्कत हो गई थी। बृहस्पतिवार को रामकृपाल पत्नी कमला देवी को लेकर शाहबाद में डॉक्टर के पास इलाज के लिए जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे दंपती रिलायंस पॉवर प्लांट के पास खड़े थे, तभी एक कार उनके पास रुकी।
ये भी पढ़ें- 'अपनी मर्जी से फैजल संग गई': छात्रा को बागपत में ढूंढती रही पुलिस, वह अकेली पहुंची थाने; बताई ये कहानी
कार में सवार लोगों ने शाहबाद तक छोड़ने की बात कही। इस पर दंपती कार में बैठ गए। कार में चालक समेत चार लोग पहले से बैठे थे। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के पास कार सवारों ने तमंचा दिखाकर नकदी व सोने की चेन, अंगूठी, झाले आदि उतरवा लिए।
नहर के पास दंपती को उतारकर बदमाश कार लेकर चले गए। सूचना आने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अभी तक बदमाशों का पता नहीं चल सका है। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।