Shahjahanpur News: ट्रॉली से टकराकर पुल से नीचे गिरी बाइक, युवक की दर्दनाक मौत
बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने झुकना नदी पुल के नीचे नदी के सूखे स्थान पर शव पड़ा देखा। कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक पड़ी थी। मृतक के परिजनों ने हादसे से इनकार किया है।
विस्तार
शाहजहांपुर में बंडा-खुटार रोड पर झुकना नदी पुल पर पंक्चर खड़ी ईंट लदी ट्रॉली से टकराकर बाइक पुल से नीचे गिर गई। हादसे में गांव महुआ सहारू निवासी निर्मल सिंह की मौत हो गई। हालांकि परिवार वाले हादसे की बात से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि अगर बाइक ट्रॉली से टकराकर पुल से गिरी होती तो पुल की रेलिंग टूटी होती और बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई होती, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ है।
बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने झुकना नदी पुल के नीचे नदी के सूखे स्थान पर शव पड़ा देखा। कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक पड़ी थी। चर्चा होने पर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निर्मल सिंह के शव को सीएचसी भिजवाया। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव के पास मिले कागजात, मोबाइल आदि के आधार पर उनकी शिनाख्त होने पर परिजन को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे।
शादी में शामिल होने गए थे निर्मल
निर्मल सिंह के ममेरे भाई सतीश कुमार ने बताया कि निर्मल सिंह बुधवार शाम भांजी की शादी में शामिल होने बंडा के गांव बिराहिमपुर गए थे। बाद में वह घर नहीं पहुंचे। सुबह सूचना मिली कि निर्मल सिंह की हादसे में मौत हो गई है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि घटनास्थल के पास ही एक ट्रॉली पंक्चर खड़ी थी। अनुमान है कि ट्रॉली से टकराकर बाइक पुल के नीचे गिरी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
बिना रेलिंग टूटे नदी में कैसे गिरी बाइक
थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि पुल पर ईंट भरी पंक्चर खड़ी ट्रॉली खड़ी थी। आशंका है कि बाइक ट्रॉली से टकराने के बाद पुल से नीचे गिरी और हादसे में निर्मल की मौत हो गई। घरवालों का कहना है कि बाइच ट्रॉली से टकराकर नीचे गिरी होती तो पुल की रेलिंग टूटी होती, लेकिन रेलिंग कहीं नहीं टूटी है। मौके पर बाइक के टूटे हिस्से भी पड़े मिलते, लेकिन कोई हिस्सा टूटा नहीं मिला।
आठ किमी दूर पहुंचने में पुलिस को लगा एक घंटा
शव और बाइक पड़े होने की जानकारी किसी ने यूपी-112 पर दी। बंडा से यूपी-112 पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। सिपाहियों ने थाना प्रभारी, हलका दरोगा आदि को फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद सीओ को जानकारी दी। सीओ ने कंट्रोल रूम को सूचना दी फिर भी खुटार पुलिस आठ किमी दूर एक घंटे बाद पहुंच सकी।
मौके पर पहुंचते ही थाना प्रभारी और दरोगा अनंत अमोरिया ने यूपी-112 के सिपाहियों को इस बात पर कड़ी फटकार लगाई कि उन्होंने सूचना सीओ को क्यों दी। सिपाहियों ने सीयूजी और मोबाइल न उठने की बात कहकर सफाई दी, लेकिन थाना प्रभारी सिपाहियों पर कार्रवाई कराने की बात कहते हुए थाने चले गए।