अमर शहीद परमवीर चक्र नायक जदुनाथ सिंह का जन्मदिन 21 नवंबर से शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इस संबंध में अमर शहीद के पैतृक गांव खजुरी में हुई सभा में निर्णय लिया गया और शताब्दी समारोह के लिए समिति का गठन भी हुआ। अमर शहीद परमवीर चक्र नायक जदुनाथ सिंह जन कल्याण समिति के बैनर तले हुई सभा में पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता कोविद कुमार सिंह को संयोजक बनाया गया है। इनके अलावा मुनीश सिंह परिहार, गोपाल सिंह राठौर, यशो विक्रम सिंह, पीके गुप्ता को सह संयोजक का दायित्व सौपा गया। इस अवसर पर अमर शहीद के जीवन आधारित गोपाल सिंह राठौर की पुस्तक का विमोचन भी किया गया। अमर शहीद के पौत्र राम सेवक सिंह ने श्री राठौर को सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री कोविद सिंह ने कहा कि हमें ऐसे वीर जनपद के लाल पर गर्व करना चाहिए, जिसने पूरे देश में शाहजहांपुर का नाम रोशन किया, ऐसे वीर सपूत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी जन्मशती धूमधाम से मनाई जाएगी। सभा में मनेंद्र सिंह चौहान, पहलवान सिंह, विजय विक्रम सिंह, मुकेश सिंह परिहार, राजवीर यादव, वीरेंद्र सिंह, दीपक सिंह, एवी सिंह, राजेश कुमार, धीरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश सिंह, राहुल सिंह आदि ने भी विचार रखे।