तिलहर। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने ददरौल ब्लाॅक के खंड विकास अधिकारी अमित कुमार के साथ बुधवार को सुबह धन्यौरा गांव जाकर वहां बनाई गई वृहद गोशाला, प्राथमिक विद्यालय और शाहजहांपुर मार्ग पर बने पुल का जायजा लिया। गांव से शाहजहांपुर जाने वाले मार्ग के पुल पर गड्ढे और मार्ग खराब देख उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।
गोशाला में एक बीमार पशु का उपचार करने आए पशु चिकित्सक से पशुओं के इलाज की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। साथ ही गोशाला के कर्मचारियों को हरा चारा, भूसा, पानी आदि की व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। गांव के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति कम मिलने पर उन्होंने उन्हें घर से बुलाने की व्यवस्था करने के लिए कहा। उन्होंने मिडडे मील की गुणवत्ता परखी और वहां स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। संवाद