शाहजहांपुर: अधिवक्ता ने नेमप्लेट पर लिखवाया वंदे मातरम् और जय हिंद, इमाम ने बहन का निकाह पढ़ाने से इन्कार
शाहजहांपुर में अधिवक्ता मोनिश भगत सिंह ने इमाम पर अपनी बहन का निकाह पढ़ाने से इन्कार करने का आरोप लगाया है। मोनिश के अनुसार, उनके मकान के बाहर लगी नेमप्लेट पर 'वंदे मातरम्' और 'जय हिंद' लिखा होने के कारण इमाम ने ऐसा किया।
विस्तार
शाहजहांपुर के रोजा में मकान के बाहर लगी नेमप्लेट पर वंदे मातरम् और जय हिंद लिखा होने के कारण अधिवक्ता मोनिश भगत सिंह ने इमाम पर बहन का निकाह पढ़ाने से इन्कार करने का आरोप लगाया है। मोनिश ने रोजा थाने में तहरीर भी दी है। वहीं, संबंधित इमाम ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए पिता की तबीयत खराब होने के कारण गांव चले जाने से निकाह के लिए न पहुंच पाने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव बरमौला अर्जुनपुर निवासी मोनिश ने बताया कि उनका परिवार कई हिंदू रीति-रिवाजों को मानता है। भाई दूज समेत अन्य त्योहार भी मनाता है। वह शहीद भगत सिंह रक्त सेवा मंच नाम से एनजीओ चलाते हैं। उन्होंने मकान के बाहर लगी नेमप्लेट पर अपने नाम के साथ वंदे मातरम्, जय हिंद और जय भारत लिखवा रखा है।
इमाम पर लगाया ये आरोप
मोनिश के मुताबिक, पांच भाइयों की इकलौती बहन अंजुम का 15 नवंबर को निकाह होना था। इसके लिए उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले मस्जिद के इमाम मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी से निकाह पढ़ाने की गुजारिश की थी। आरोप है कि इस दौरान इमाम ने कहा कि उनके कई काम अच्छे हैं, लेकिन कुछ काम इस्लाम के खिलाफ हैं। इस पर मोनिश ने आपत्ति जताते हुए इसे निजी मामला बताया। इसके बाद इमाम वहां से चले गए।
मोनिश का आरोप है कि 13 नवंबर को इमाम ने निकाह पढ़ाने से इन्कार कर दिया। उन्होंने बताया कि इमाम ने परीक्षा देने जाने की बात कही, लेकिन उनके मुताबिक वह कहीं नहीं गए और न ही किसी दूसरे व्यक्ति को निकाह पढ़ाने के लिए भेजा। इसके बाद उन्होंने अपने परिचित इमाम शफीक खान से संपर्क किया, जिन्होंने निकाह पढ़ाया।
मोनिश का आरोप है कि इमाम ने लोगों से कहा कि उनका परिवार हिंदू रीति-रिवाजों का पालन करता है और ऐसे शब्दों व विचारों का इस्तेमाल करता है, जिन्हें इस्लाम में हराम माना जाता है। उन्होंने इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सांविधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
इमाम बोले- पिता की तबीयत खराब होने के कारण नहीं पहुंच पाए
इमाम मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी ने आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया। उनका कहना है कि उनके वालिद की तबीयत खराब थी, जिसके चलते उन्हें गांव जाना पड़ा था। इसी मजबूरी के कारण उन्होंने दस दिन पहले ही निकाह पढ़ाने से इन्कार कर दिया था। उन्होंने कहा कि शरीयत के अनुसार मुल्क से मोहब्बत करना हमारे ईमान का हिस्सा है।
