Shahjahanpur News: सड़क हादसों में चार छात्रों समेत पांच की मौत, सात लोग घायल
शाहजहांपुर में शनिवार को सड़क हादसों में चार छात्रों समेत पांच की जान चली गई। तीन हादसे आपस में बाइकें टकराने से हुए। एक हादसा सांड़ से बाइक टकराने पर हुआ।
विस्तार
शाहजहांपुर में शनिवार को अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के चार परीक्षार्थियों समेत पांच की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
पहली घटना चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजीजगंज में सरकारी अस्पताल से पहले हुई। मार्बल के ट्रक ने बैक होते समय तिलहर थाना क्षेत्र के ढकिया परवेजपुर निवासी परीक्षार्थी 17 वर्षीय अभिषेक को टक्कर मार दी। उसकी मौत हो गई, जबकि उसके साथी विपिन को भी चोटें आईं। दोनों जनता इंटर कॉलेज में सुबह हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे थे।
बाइकों की टक्कर से दो छात्रों की मौत
इधर, थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी लकड़ी मंडी निवासी 14 वर्षीय प्रिंस रस्तोगी व मोहल्ले के ही प्रज्ञान भावलखेड़ा में श्रीराम दत्त पंचायत इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर लौट रहे थे। रास्ते में सीएचसी भावलखेड़ा के पास तीन बाइकें टकराने और ट्रैक्टर की चपेट में आने से प्रिंस की मौत हो गई। इलाज के दौरान सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के मिर्गापुर निवासी संदीप ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में प्रज्ञान और सोनू को चोटें आई हैं।
बेटे का शरीर ठंडा पड़ रहा, जल्दी ले चलो
राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी के बाहर एंबुलेंस में बैठी प्रिंस की मां ममता के आंसू नहीं थम रहे थे। परिवार की महिलाएं प्रिंस की मौत की बात यकीन नहीं कर पा रही थी। मां ममता बोलीं- बेटे का शरीर ठंडा पड़ रहा है, जल्दी दूसरे अस्पताल ले चलो। उन्हें बमुश्किल समझाया गया। प्रिंस के भाई अमन रस्तोगी भी बिलख पड़े।
कलान थाना क्षेत्र के गांव मलेवा निवासी ऋषिपाल का बेटा दुर्वेश (16) अपने रिश्तेदार अर्जुन के साथ कक्षा दस की परीक्षा देकर गोकर्ण सिंह इंटर कॉलेज से लौट रहा था। परौर मार्ग पर बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दुर्वेश की मौत हो गई, जबकि अर्जुन व दो अन्य लोग घायल हो गए।
सांड़ से बाइक टकराने पर गई जान
शुक्रवार शाम परीक्षा देकर लौट रहे गांव रायपुर निवासी केशवराम के 18 वर्षीय पुत्र गगन की हादसे में मौत हो गई। बड़ा गांव के पास सांड़ से बाइक टकराने से गगन और उसका दोस्त गांव करकौर जप्ती निवासी दीपक घायल हो गए थे। इलाज के लिए लिए ले जाते वक्त गगन ने दम तोड़ दिया।