Shahjahanpur: सिर में गोली लगने से छात्रा की मौत, मां ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस मान रही आत्महत्या
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में हाईस्कूल की छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके सिर में गोली लगी है। मृतका की मां ने कहा कि कोई व्यक्ति आया और बेटी को गोली मारकर चला गया। हालांकि कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिली है।
विस्तार
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के गांव खिरिया उदैत निवासी राजेश जाटव की 14 वर्षीय बेटी विनती भारती की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। उसकी मां ने हत्या की आशंका जताई, जिस पर पुलिस हरकत में आ गई। हालांकि, कमरे की तलाशी में सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
विनती एलबीजेपी इंटर कॉलेज, तिलहर में दसवीं की छात्रा थी। 22 फरवरी से उसकी यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही थी। मंगलवार को वह कमरे में परीक्षा की तैयारी कर रही थी। शाम करीब साढ़े छह बजे संदिग्ध हालात में उसके सिर पर गोली लग गई। बेटी का शव देखकर मां रेखा बिलख पड़ीं। उसने बताया कि कोई व्यक्ति आया और गोली मारकर भाग गया।
सीओ प्रयांक जैन और इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने रेखा से गहनता से पूछताछ की। उसने हत्या का शोर मचाने की बात स्वीकार की। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मामले की जांच में किशोरी द्वारा आत्महत्या करने की बात सामने आई है। तमंचा किसका था, यह जांच की जा रही है।
सुसाइड नोट में किसी का दोष न होने की बात
पुलिस ने कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद कर लिया है। इसमें लिखा है कि वह अपनी मर्जी से जिंदगी खत्म कर रही है। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। सीओ तिलहर प्रयांक जैन ने बताया कि मां ने बेटी के लंबे समय से अवसाद में रहने की बात बताई है।
चाचा से तमंचा बरामद
विनती के चाचा के पास से तमंचा बरामद हो गया। विनती अपने पिता राजेश के साथ हरियाणा में रहती थी। राजेश वहां भट्ठे पर नौकरी करते हैं। बेटी का पेपर होने की वजह से घर लौटे थे।