Shahjahanpur News: बेटियों ने हॉकी मैच में किया शानदार प्रदर्शन, टीम इंडिया से खेलने का है सपना
शाहजहांपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा में आयोजित मंडल स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। मैच के बाद खिलाड़ियों ने कहा कि हॉकी में अपनी मेधा का लोहा मनवाना चाहतीं हैं, बस प्रोत्साहन की जरूरत है।
विस्तार
शाहजहांपुर के माध्यमिक विद्यालयों की मंडल स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा में किया गया। इसमें मंडल के सभी जिलों के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। इसके बाद बरेली, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर की टीमों के बीच मैच खेले गए। इस दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वालीं खिलाड़ियों ने कहा कि हॉकी में अपनी मेधा का लोहा मनवाना चाहतीं हैं, बस प्रोत्साहन की जरूरत है। निर्णायक मंडल में रामकुमार, रत्नेश सिंह आदि शामिल रहे। वहीं दूसरी ओर इस्लामियां इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सीनियर वर्ग की आठ और जूनियर वर्ग की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल अनिल कुमार मालवीय, तसदीक खान, योगेंद्र सिंह, अब्दुल हलीम, इस्तियाक अली, नरेंद्र, नफीस खां, मुजीद खां, अफरोज आदि रहे।
खिलाड़ियों की बात
हॉकी खेलना अच्छा लगता है, इसलिए इसको चुना है। खेलों के प्रति शुरू से ही रुझान रहा। राष्ट्रीय स्तर तक खेलना चाहती हूं। मेरे विद्यालय और प्रशिक्षक की ओर से पूरा सपोर्ट मिल रहा है। अभ्यास कराया जाता है। - सानिया, कक्षा नौ, एसएन इंटर कॉलेज पीलीभीत
विद्यालय से हॉकी स्टीक, किट आदि मिलती है। इससे हॉकी खेल को बेहतर बनाने के लिए अभ्यास करती हूं। भारत की हॉकी टीम का हिस्सा बनने का सपना है। यहां मंडल स्तरीय खेलने आई हूं, बेहतर प्रदर्शन रहा। - साइमा अंसारी, कक्षा सात, एसएन इंटर कॉलेज पीलीभीत
देश का राष्ट्रीय खेल हॉकी है। इस खेल को अपनाने वाले खिलाड़ियों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित होने चाहिए। जिसे हाॅकी के गुर सीखने को मिल सकें। विद्यालय में अभ्यास नहीं हो पाता। - भावना, कक्षा नौ, आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज
नए खिलाड़ियों को संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें प्रोत्साहित करने की जरूरत है, जिससे अच्छे खिलाड़ी निकल सके। हम भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मेधा का लोहा मनवाना चाहते हैं। प्रयास जारी हैं। - रागिनी, कक्षा दस, जीजीआईसी