शाहजहांपुर। चौक कोतवाली पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला अजीजगंज स्थित गर्रा नदी के किनारे से जिलाबदर पवन कुमार भारती उर्फ कल्लू राइडर को गिरफ्तार किया। नवादा इंदेपुर के रहने वाले कल्लू राइडर पर हत्या की कोशिश समेत 16 मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि पकड़े गए जिलाबदर के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की ओर से पारित आदेश के अनुपालन में पवन कुमार भारती को सात जून को नोटिस तामील कराते हुए छह माह के लिए जनपद की सीमा से बाहर कर दिया गया था।
बुधवार की रात मुखबिर ने सूचना दी थी कि वह गर्रा नदी के किनारे खड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंच जिलाबदर को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि जिलाबदर पर हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, चोरी, लूट, गुंडा एक्ट आदि की धारा में जिले के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। संवाद