Shahjahanpur: रामलीला के मंच पर शत्रु... ग्रीन रूम में श्रीराम-सीता को दृश्य समझा रहा रावण; देखें वीडियो
ओसीएफ की रामलीला में रावण का किरदार निभाने वाले अंकित सक्सेना इसका निर्देशन करते हैं। मंचन से पहले वह सीता राम व अन्य पात्रों के किरदारों को संवाद समझाते हैं। इसके बाद मंचन करते हैं।
विस्तार
शाहजहांपुर में ओसीएफ इस्टेट की रामलीला का अपना क्रेज है। मंच पर एक-दूसरे के शत्रु रामादल और रावण दल के कलाकार पर्दे के पीछे बेहतर तारतम्य के साथ काम करते हैं। ग्रीन रूम में रावण ही श्रीराम और सीताजी को दृश्य समझाता है। रामलीला का निर्देशन रावण का किरदार निभाने वाले अंकित सक्सेना स्वयं संभालते हैं।
शनिवार की शाम करीब आठ बजे ओसीएफ के रामलीला मंच के पीछे ग्रीन रूम के गेट पर वानर बने बच्चों की फौज खड़ी मिली। अंदर रावण बने अंकित अपने रोल के इंतजार में मेघनाद के साथ बैठे नजर आए। रावण अपने चेहरे को शीशे में देखकर किरदार को जीवंत करने की कोशिश में लगा था।
ये भी पढ़ें- UP: इस जिले में डेंगू के संक्रमण का टूट रहा रिकॉर्ड, मौतों का नहीं कोई हिसाब, अब तक 562 मरीज मिले
विभीषण, अंगद के साथ बैठकर बातों में मशगूल थे। कुछ देर बाद अंगद बने प्रमोद कुमार रावण के नजदीक आए। बोले-यह चौपाई समझ नहीं आ रही है। रावण यानी अंकित ने उन्हें चौपाई को बताने के साथ ही उसका उच्चारण कर दिखाया।
मंच से रोल पूरा कर सीताजी बनीं रानी मिश्रा भी गईं। रावण ने उन्हें हनुमान जी से भेंट का दृश्य समझाकर मंच पर भेज दिया। मेघनाद यानी कौशलेंद्र पांडेय भी मेकअप मैन के पास आते हैं। कहते हैं कि उनकी मूंछ आकर्षक नहीं लग रही है। मेकअप मैन उनकी मूंछ को बेहतर बनाते हैं।
मंच पर रावण और रामादल के बीच जितनी शत्रुता है। मंच के पीछे उतना ही प्रेम हैं। ग्रीन रूम में बैठे अंगद रावण की सेना के सेनापति के साथ सेल्फी लेते नजर आए। उन्होंने रावण के साथ भी फोटो क्लिक कराई।
ओसीएफ इस्टेट की रामलीला में रविवार को हनुमानजी द्वारा श्रीराम को चूड़ामणि सौंपने व विभीषण को देश निकाला का मंचन हुआ। श्री रामलीला मंचन संयोजन समिति की देखरेख में ऑर्डिनेंस ड्रामेटिक क्लब के कलाकारों ने भावपूर्ण मंचन किया।
मंचन में दिखाया गया कि हनुमान जी लंका जाकर माता सीता का पता लगाते हैं। माता सीता से मिलकर उनकी चूड़ामणि लाते हैं और प्रभु श्रीराम को सौंपते हैं। रावण का छोटा भाई विभीषण रावण को समझाता है कि माता सीता को प्रभु श्रीराम को सम्मान सहित लौटा दें और उनसे क्षमा मांग लें। यह सुनकर रावण का क्रोध आ आता है और वह विभीषण को देश निकाला दे देता है।
इसके बाद विभीषण को हनुमान जी, भगवान राम के पास ले जाते हैं। उन्हें रामादल में शामिल कर लिया जाता है। भगवान राम द्वारा सेतु का निर्माण कार्य आरंभ कराया जाता है। इस मौके पर अंकित सक्सेना, महेंद्र दीक्षित, अरुण डीआर, रोहित सक्सेना, सतीश सक्सेना, मनीष मुनि आदि मौजूद रहे।
वहीं, खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान पर चल रही रामलीला में नवचेतना कला परिषद के कलाकारों ने लीलाओं का मंचन किया। रामलीला के मंचन को देखने के लिए मैदान में दर्शकों की भीड़ रही। जोकि अंत तक डटे रहे। इस मौके पर कमेटी के विनोद अग्रवाल, नरेंद्र गुरु, अनूप गुप्ता, नीरज वाजपेयी, धीरू खन्ना आदि मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.