माघ पूर्णिमा: शाहजहांपुर में ढाईघाट पर गंगा स्नान को उमड़े श्रद्धालु, आठ किमी लंबा लगा जाम, सैकड़ों वाहन फंसे
माघ पूर्णिमा पर ढाई घाट गंगा तट पर आस्था का सैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव के चलते सड़क पर कई किमी लंबा जाम लग गया। दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रही।
विस्तार
माघी पूर्णिमा पर स्नान करने के लिए ढाई घाट गंगा तट पर बुधवार भोर से ही हजारों श्रद्धालु उमड़ने लगे। रात से ही विभिन्न साधनों से सैकड़ों लोग ढाई घाट पहुंच गए। मध्यरात्रि के बाद से पूर्णिमा तिथि लगते ही सबसे पहले ढाईघाट में साधु संतों ने स्नान किया। सुबह होने पर पर्व स्नान के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने निकलना शुरू किया तो जगह जगह जाम लगना शुरू हो गया।
सुबह नौ बजे श्रद्धालुओं की इतनी भीड़ हो गई कि जरियनपुर और कोलाघाट पुल से लेकर ढाई गांव के आगे तक करीब आठ किमी लंबा जाम लग गया। इस कारण पुलिस की यातायात सुचारू रखने को की गईं सारी व्यवस्थाएं धरी रह गईं।
जरियनपुर मोड़ समेत कोलाघाट पुल के उत्तरी व दक्षिणी छोर, बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे से मिलने वाले कोला मोड़ और ढाई गांव के पास इतना विकट जाम लगा कि हजारों बाइक सवार तमाम ट्रैक्टर ट्रॉलियां और चार पहिया वाहनों की कई किमी लंबी कतारें लग गईं। महिलाओं और बच्चों के साथ गंगा स्नान को जाने वाले श्रद्धालुओं खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घाटों पर दिनभर रही भीड़
ढाईघाट के मेला राम नगरिया से लेकर स्नान घाटों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। हालांकि पर्व स्नान करने में श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत नहीं हुई। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस और गोताखोर के जवान, पीएसी की फ्लड यूनिट की मोटर बोट के साथ सभी घाटों के आसपास बने रहे, लेकिन वापसी के दौरान उन्हें फिर मीलों लंबे जाम से जूझना पड़ा।
बाइक सवारों और पैदल राहगीरों के लिए पुलिस जैसे तैसे रास्ता बनाती रही ,लेकिन चार पहिया वाहनों को पुल से निकालने में उसे पसीने छूट गए। चार घंटे बीतने के बाद भी ढाईघाट आने-जाने वालो को जाम से राहत नहीं मिल सकी। जगह-जगह तैनात जनपद समेत फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज पुलिस की टीमें भी जाम के आगे असहाय नजर आईं।