जिला केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने दवा व्यापारियों की समस्याएं उठाते हुए औषधि निरीक्षक से भेंट की और समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने औषधि निरीक्षक को ज्ञापन भी दिया। एसोसिएशन के जिला महामंत्री सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गए प्रतिनिधि मंडल ने औषधि निरीक्षक उर्मिला वर्मा को केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई फिक्स डोजेस कांबिनेशन वाली 340 दवाओं की सूची का हवाला देते हुए अपनी बात रखी। इस बीच दवा व्यवसायियों की अन्य मांगों से भी औषधि निरीक्षक को अवगत कराया। ज्ञापन में आनलाइन नवीनीकरण में लगने वाले दस्तावेजों को कम करने, सर्वे में मांगे जाने वाले दस्तावेजों को जमा करने की छूट व्यापारियों को देने, अपठनीय पुराने लाइसेंसों की डुप्लीकेट प्रति बनाने आदि मांगें शामिल की गई हैं। औषधि निरीक्षक ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का निस्तारण समय रहते कर दिया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में विकास गुप्ता, डॉ. अरविंद मेहरोत्रा, सुधीर सिंह, अरुण पांडेय, राकेश वर्मा, मो. नासिर, सुलेमान खां, अच्युत शुक्ला, संजीव सिंह, लक्ष्मण प्रसाद, नवी अहमद, वैभव श्रीवास्तव, विवेक अग्रवाल, गिरीश अवस्थी, विमल अरोरा, संजय गुप्ता, प्रतीक, विशाल गुप्ता, मुख्तार, कुलदीप दीक्षित आदि शामिल रहे।