कांवड़यात्रा का बैनर फाड़ने से भड़के लोग, तनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बाडूजई प्रथम में कांवड़यात्रा का बैैनर फाड़ने और विरोध करने पर मारपीट से दो समुदायों में तनाव हो गया। मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने पर एक पक्ष के लोग शनिवार सुबह गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए और हंगामा करने लगे। बवाल होने की आशंका में सिटी मजिस्ट्रेट और एएसपी सिटी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। मामले मेें नामजद कराए गए आरोपियों में से एक की गिरफ्तारी के बाद मामला शांत हुआ। तनाव के देखते हुए मौके पर फोर्स तैनात कर दिया गया है। बाडूजई प्रथम निवासी राकेश कश्यप ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मोहल्ले की धोबी वाली गली में कांवड़ यात्रा का बैनर लगाया था। मोहल्ले से कांवड़ियों का जत्था पहली बार 23 जुलाई को गंगाजल लेने जाएगा। आरोप है कि बैनर लगा देखकर मोहल्ले का ही समीर बिगड़ गया। शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे समीर कई लोगों के साथ आया और बैनर उतारने को कहा। बैनर उतारने का कारण पूछने पर इन लोगों ने राकेश की पिटाई कर दी। घरवालों ने बचाना चाहा तो घर में घुसकर राकेश के बेटे सूरज, अनमोल और आशू को भी पीटा। इसके बाद समीर ने बैनर फाड़ दिया और पैरों से रौंदने के बाद नाली में फेंक दिया। इस घटना के बाद लोगों ने आरोपी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मोहल्ले के कई लोगों के साथ पीड़ित पक्ष ने रात में ही सदर थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने राकेश की ओर से समीर और लाला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली और मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बवाल होने की आशंका में रात में ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया। शनिवार सुबह पीड़ित पक्ष के समर्थन में सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। थाना सदर बाजार पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसी बीच सिटी मजिस्ट्रेट विनय प्रकाश श्रीवास्तव, एसडीएम सदर रामजी मिश्र, सीओ सिटी सुमित शुक्ला कई थानों की पुलिस के साथ पहुंच गए। अधिकारियों के निर्देश पर सदर एसएसआई सुनील शर्मा ने पुलिस टीम के साथ आरोपियों के घरों में दबिश दी लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। इससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया। वे फिर से नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। मामला बिड़ते देख पुलिस लाइन से अतिरिक्त फोर्स बुला लिया गया। अधिकारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को आश्वस्त किया कि 12 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। देर शाम पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद लोग शांत हुए।
समीर पहले भी कर चुका है मारपीट
आरोपी समीर के खिलाफ लोगों का गुस्सा इसलिए और ज्यादा था, क्योंकि वह एक बार पहले भी मोहल्ले के लोगों से मारपीट कर चुका है। उस वक्त उसने खंभे पर लगी लाइट भी तोड़ दी थी। तब भी उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे उसके हौसले और बुलंद हो गए। इसके बाद समीर ने नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों से मारपीट की। तब सफाई कर्मचारियों ने सदर बाजार थाना गेट पर प्रदर्शन किया, लेकिन फिर उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।