{"_id":"572e3fd14f1c1ba2125cd0be","slug":"shot-and-robbed-millions","type":"story","status":"publish","title_hn":"गृहस्वामी को मार कर लाखों लूटे","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
गृहस्वामी को मार कर लाखों लूटे
ब्यूरो /शाहजहांपुर
Updated Sun, 08 May 2016 12:49 AM IST
विज्ञापन
गृहस्वामी को मार कर लाखों लूटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
असलहों से लैस बदमाशों ने शुक्रवार रात करीब एक बजे एक घर पर धावा बोलकर गृहस्वामी की हत्या कर दी और तीन लाख की नगदी समेत लाखों रुपये का सामान लूट ले गए। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने पूरे परिवार को डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कस्बे के बारह पत्थर चौराहे के पास की चौकी से सौ मीटर दूर नई बस्ती के मकान में हुई वारदात की पुलिस को भनक तक नहीं लगी। पड़ोसियों को भी घटना की जानकारी तब हुई जब बदमाशों के जाने के बाद घर में चीखपुकार मची। शनिवार सुबह एसपी डॉ. मनोज कुमार ने डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मूलरूप से बरेली शहर की जनकपुरी आवास विकास कालोनी के रहने वाले 40 वर्षीय निर्देष कुमार उर्फ नीतू पिछले आठ सालों से परिवार समेत जलालाबाद कस्बे में किराए के मकान में रह रहे थे। वह यहां किसानों को बैंक से लोन दिलाने के काम के साथ खेतीबाड़ी भी करते हैं। तीन महीने पहले ही उन्होंने नई बस्ती में जाहिद हुसैन का मकान किराए पर लिया था। शुक्रवार रात वह पत्नी अनूसी उर्फ पिंकी, आठ वर्षीय बेटे अर्जुन और चार साल के मयूर के साथ घर की छत पर सोए थे। उनकी मां राममूर्ति, छोटा भाई सोनू और बहन रजनी नीचे बरामदे में सो रहे थे। राममूर्ति पोलियो से ग्रस्त हैं। रात करीब एक बजे चार-पांच बदमाश घर में घुस आए और छत पर सो रहे निर्देष कुमार उर्फ नीतू और उनकी पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद बदमाश सीढ़ियों से नीचे उतरे और बरामदे में सो रही राममूर्ति, सोनू और रजनी को डंडे से पीटा। जिससे सभी बेहोश हो गए। इसके बाद बदमाशों ने कमरों के ताले तोड़कर संदूक में रखे तीन लाख रुपये नगद, सोने की जंजीर, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी कुंडल, मांग टीका, तीन जोड़ी पायल, बिछुआ आदि जेवर लूट लिये और फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद घायलों की चीखें सुनकर पड़ोसी नीतू के घर में पहुंचे तो सन्न रह गए। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। घायलोें को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीतू की पत्नी पिंकी और बहन रजनी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना को अंजाम देने के तरीके से माना जा रहा है कि घटना को किसी घुमंतू गिरोह ने अंजाम दिया है।
विज्ञापन