UP News: शाहजहांपुर में चाइनीज मांझे से कटी सिपाही की गर्दन, तड़प-तड़पकर मौत, खून से लाल हुई सड़क
Shahjahanpur News: शाहजहांपुर में चाइनीज मांझे से गला कटने से सिपाही की मौत हो गई। वह बाइक से जा रहे थे। उसी दौरान उनके गले में मांझा फंस गया, जिससे गला कट गया। वह बाइक समेत सड़क पर गिर गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के चौक थाना क्षेत्र के अजीजगंज में शनिवार को दोपहर बाइक सवार सिपाही शाहरुख हसन (27 वर्ष) की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई। सड़क पर तड़पते हुए गिरे खून से लथपथ शाहरुख को लेकर स्थानीय लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से अमरोहा जिले के रजबपुर थाना क्षेत्र के बलदादा हीरा सिंह गांव निवासी शाहरुख यहां अभियोजन कार्यालय में तैनात थे। दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी बाइक से विभागीय कार्य के चलते राजकीय मेडिकल कॉलेज जा रहे थे।
गले में फंस गया था चाइनीज मांझा
राजघाट के आगे वह जैसे ही गर्रा नदी का पुल पार करके आगे बढ़े, तभी चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। उन्होंने चलती बाइक पर हाथ से उसे हटाने का प्रयास किया, लेकिन मांझा गले को काटता चला गया। दुर्गा इंडस्ट्रीज के सामने उनकी बाइक गिर गई। इसके बाद वह छटपटाने लगे।
अचानक हुए इस हादसे को देखकर वहां आसपास के लोग दौड़कर शाहरुख के पास पहुंचे। उन्हें ई-रिक्शे से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और एसपी राजेश एस. मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अमरोहा से पिता व भाई के अलावा परिजन भी सूचना पाकर आ गए। डीएम ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि चाइनीज मांझे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस चाइनीज मांझे से पतंग उड़ाने वालों की धरपकड़ के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
आधे घंटे बाद हुआ एक और हादसा...हेलमेट ने बचाई जान
जिस जगह पर चाइनीज मांझे से सिपाही की गर्दन कटी, उससे थोड़ी ही दूरी पर आधा घंटा बाद एक और हादसा हो गया। मांझा बाइक सवार युवक के हेलमेट में फंस गया। इससे उसकी जान बच गई।
पुवायां के गांव भटपुरा चंदू गांव के दिव्यांशु बाइक से किसी काम से शहर आए थे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे गर्रा नदी के पुल से गुजरते समय चाइनीज मांझा उनके हेलमेट में फंस गया। उनकी गर्दन घूम गई। उन्होंने तुरंत बाइक रोकी। मांझे की मजबूती इसी से समझी जा सकती है कि हेलमेट में निशान बन गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने कहा कि यदि सिपाही भी हेलमेट लगाए होता तो शायद उसकी जान बच जाती।