{"_id":"580a602f4f1c1b434b705581","slug":"commercial-tax-officials-raided-the-courier-company","type":"story","status":"publish","title_hn":"वाणिज्य कर अफसरों का कोरियर कंपनी पर छापा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वाणिज्य कर अफसरों का कोरियर कंपनी पर छापा
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
Updated Sat, 22 Oct 2016 12:25 AM IST
विज्ञापन
ई-कॉमर्स के जरिए अन्य राज्यों से इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य सामान मंगाकर उपभोक्ताओं तक पहुंचाने वाली कोरियर कंपनियों से वाणिज्य कर की वसूली के लिए विभागीय अधिकारी सक्रिय हो उठे हैं। शुक्रवार को सचल दल प्रभारी के साथ अधिकारियों की टीम ने दुर्गा होटल के पास कोरियर कंपनी जेवी प्रेस के दफ्तर और गोदाम पर छापा मारकर वहां का रिकार्ड चेक करने के साथ ही कर योग्य सामान खंगाला। बाद में काफी सामान जब्त करके अग्रिम आदेशों तक के लिए कंपनी की सुपुर्दगी में ही दे दिया। सचल दल का प्रभार संभाले वाणिज्य कर अधिकारी अजीत कुमार सिंह को सूचना मिली कि सिविल लाइंस में दुर्गा होटल के पास ई-कॉमर्स के जरिए विभिन्न उपभोक्ता वस्तुओं की ऑनलाइन सप्लाई करने वाली जेवी प्रेस कोरियर कंपनी अन्य राज्यों से मंगाए कर योग्य सामान पर देय टैक्स का भुगतान नहीं कर रही है। चूंकि, शासन ने बीती 22 सितंबर को ऐसी कंपनियों से प्रांत के बाहर से खरीदे गए माल पर प्रवेश कर लेने का नोटिफिकेशन जारी किया है। इसलिए सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने कोरियर कंपनी की जांच करने का निर्णय किया। अधिकारियों की टीम ने जांच करने पर पाया कि कोरियर कंपनी के संचालकों ने अन्य राज्यों से यहां सप्लाई करने के लिए ऐसा काफी सामान मंगाया है, जिस पर प्रवेश कर दिया जाना चाहिए। यह भी पता चला कि अभी तक कंपनी ने विभाग से सर्विस प्रोवाइडर नंबर भी नहीं लिया है। ऐसी कंपनियों के ऑफिस में ई-कॉमर्स फार्म उपलब्ध होने चाहिए, लेकिन जेवी प्रेस के रिकार्ड में नहीं मिले। वाणिज्य कर उपायुक्त/नोडल अफसर अमित मोहन के अनुसार जब्त किया गया कर देयता योग्य सामान अग्रिम कार्यवाही होने तक कंपनी की सुपुर्दगी में दिया गया है। जांच टीम में वाणिज्य कर उपायुक्त रमेश कुमार सिंह वैश्य, वाणिज्य कर अधिकारी संजीव कुमार, अनंत कुमार आदि शामिल रहे।
विज्ञापन