Shahjahanpur News: हाईवे पर हादसे में स्कूटी सवार कारपेंटर की मौत, साढ़े पांच लाख रुपये गायब
शाहजहांपुर में मीरानपुर कटरा से तिलहर जा रहे स्कूटी सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि बेटा थैले में साढ़े पांच लाख रुपये लेकर निकला था, जो उसके पास नहीं थे।
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कूटी सवार कारपेंटर की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि बेटे के पास मौजूद साढ़े पांच लाख रुपये थे। जब वे लोग अस्पताल में पहुंचे तो उसके पास रकम नहीं मिली।
मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी जलालुद्दीन मंसूरी का बेटा नईम अहमद (26 वर्ष) बुधवार शाम को छह बजे तिलहर जाने के लिए घर से स्कूटी से निकला था। रात साढ़े दस बजे पुलिस ने फोन पर जलालुद्दीन मंसूरी को बताया कि लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव खिरिया सकटू के सामने नईम के साथ दुर्घटना घटित हो गई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
यह भी पढ़ें- धर्मस्थल में छात्रा से दुष्कर्म: पुजारी के खिलाफ FIR, पीड़िता बोली- बंधक बनाकर कई बार किया यौन शोषण
हादसे की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज आए तो नईम का शव देखकर बिलख पड़े। उसके शरीर पर चोटों के कई निशान थे। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पिता बोले- थैले में रुपये लेकर निकला था बेटा
पिता जलालुद्दीन ने पुलिस को बताया कि बेटा कारपेंटर का काम करता था। तिलहर के रहने वाले अपने दोस्तों के साथ वाटर प्लांट लगाने वाला था। इसके लिए घर से थैले में साढ़े पांच लाख रुपये लेकर निकला था। रास्ते में हादसा हो गया। रुपये से भरा थैला भी उसके पास से नहीं मिला है। थाना प्रभारी निरीक्षक जुगलकिशोर पाल ने बताया कि हादसे में घायल होने पर नईम को पीआरवी ने अस्पताल पहुंचाया था। उसके पास से कोई रुपये नहीं मिले हैं।