Shahjahanpur News: बाजार में सब्जी खरीद रहे दोस्तों पर सांड़ ने किया हमला, पेट में सींग घुसने से युवक की मौत
सड़कों पर घूम रहे सांड़ लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र में सांड़ ने दो दोस्तों पर हमला कर दिया। इससे एक युवक की मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया।
विस्तार
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के गांव अरेली निवासी आकाश पाल (20) पर सांड़ ने हमला कर दिया। सब्जी खरीदने के दौरान अचानक हमलावर हुए सांड़ का सींग आकाश के पेट में घुस गया। बरेली ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। सांड़ के हमले में घायल आकाश के साथी मनोज को भी गंभीर चोट आई है।
रामकुमार पाल का बेटा आकाश पाल पानीपत में मजदूरी करता था। ढाई माह पहले वह अपने घर लौट आया और यहीं पर काम करने लगा। रविवार शाम को आकाश अपने दोस्त मनोज के साथ डड़िया बाजार में सब्जी खरीदने गया था। दोनों बाजार में सब्जी की दुकान पर खड़े होकर मोलभाव कर रहे थे। तभी सांड़ ने हमला कर दिया।
सांड़ का सींग आकाश के पेट में घुस गया। जबकि मनोज के पीठ और कमर में चोट आई। गंभीर रूप से घायल आकाश को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे बरेली ले जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन शव को लेकर सीधे घर चले गए। सोमवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेटे की मौत से बिलख पड़े परिजन
सांड़ के हमले से घायल आकाश पाल की मौत के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। मां यशोदा अपने बेटे का शव देखकर बिलख पड़ी। रोते हुए वह बेहोश हो गई। आकाश के भाई मोनू, दीपू, प्रशांत, सूरज और केंद्रपाल के आंसू भी नहीं थम रहे थे।
डड़िया बाजार में सांड़ों से खौफजदा हैं लोग
डड़िया बाजार में सब्जी का कारोबार बड़े पैमाने पर होता है। दोपहर तक इधर-उधर घूमने वाले छुट्टा जानवर दुकानदारों द्वारा फेंकी गई सब्जी से पेट भरने के लिए शाम को बाजार में पहुंच जाते हैं। ये जानवर दुकानदारों से लेकर आमजन तक पर हमलावर हो जाते हैं। यहां पर आए दिन घटनाएं होने के बाद भी प्रशासन संज्ञान नहीं ले रहा है।
कई बार एसडीएम को दे चुके प्रार्थना पत्र
डड़िया बाजार के संचालक लालाराम वर्मा उर्फ बड़े ने बताया कि शाम में छुट्टा पशुओं की संख्या बढ़ जाती है। एसडीएम को कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कई लोगों पर जानवर कर चुके हमला
व्यापारी दीनदयाल ने बताया कि पशुओं से काफी ज्यादा परेशानी हो रही। छुट्टा पशु आए दिन लोगों को चोटिल कर देते हैं। एक साल में कई दर्जन लोगों पर हमला कर घायल कर चुके हैं। इस समस्या का समाधान होना चाहिए।गोशाला का निर्माण कराया जाए
पेस्टीसाइड व्यापारी राम किशोर वर्मा ने कहा कि सांड़ों के हमले से व्यापारी से लेकर आमजन तक आक्रोशित है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। लावारिस जानवरों के लिए गोशाला का निर्माण कराया जाए, जिससे समस्या का समाधान हो सके।छुट्टा पशुओं के हमले से हुईं मौत
1.23 जनवरी 2023: जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुंडरा के मजरा नौगवां में आलू की फसल की रखवाली करते समय रानी (50) पर छुट्टा पशुओं ने हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई थी।2. 12 जनवरी 2023: नेशनल हाईवे पर लखीमपुर खीरी निवासी सर्वेश कुमार की कंटेनर से कुचलकर मौत हो गई। सांड़ों की लड़ाई के दौरान टक्कर लगने से वह कंटेनर के नीचे आ गया था।
3. नौ जून 2022 में कटाह गांव के 12 वर्षीय शिवकुमार की सांड़ द्वारा पटके जाने से मौत हो गई थी।
4. अक्तूबर 2022 में सांड़ के हमले से कांट क्षेत्र के गांव निकरा निवासी नंदराम (65) की मृत्यु हो गई थी।
5. अक्तूबर में बंडा के गांव सड़िया निवासी पुनीत कुमार की बाइक सांड़ से टकरा गई। हादसे में उनकी मौत हो गई थी।
6. 11 सितंबर 2022 को दवा लेकर घर जा रहे बंडा के गांव पिपरिया हरिश्चंद्र के 35 वर्षीय कुलदीप की बाइक छुट्टा पशु से टकरा गई। हादसे में कुलदीप, उनकी पत्नी कन्यावती और पुत्र घायल हो गए। कन्यावती की इलाज के दौरान बरेली में मौत हो गई।
7. 8 सितंबर 2022-बंडा के गांव बिरहना खुर्द निवासी महिपाल (28) की फसल की रखवाली करते समय छुट्टा पशु के हमले में मौत हो गई थी।
8. 18 दिसंबर 2022 की रात परौर के गांव दमुलिया में फसल की रखवाली कर रहे भंवरपाल यादव (70) को सांड़ ने पटककर मार दिया था।
9. सात अगस्त 2022 को तिलहर के मोहल्ला मौजमपुर निवासी अनवर अली की 65 वर्षीय पत्नी जमूरत बेगम को सांड ने पटक कर मार दिया था।
10.28 अगस्त 2022 को पुवायां के मोहल्ला छावनी निवासी 60 वर्षीय भूरेलाल कश्यप को उनके मकान के सामने सांड़ ने हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।