Shahjahanpur: भाकियू कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर खड़े किए ट्रैक्टर, विश्व व्यापार संगठन की नीतियों का विरोध
पुवायां में सोमवार दोपहर को तमाम किसान ट्रैक्टर लेकर बंडा पुवायां हाईवे पर गांव सबली के टोल प्लाजा के पास पहुंचे। ट्रैक्टरों को हाईवे किनारे खड़ा कर विश्व व्यापार संगठन के खिलाफ नारेबाजी की।
विस्तार
शाहजहांपुर के पुवायां में कृषि को विश्व व्यापार संगठन से बाहर रखने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के बैनर तले किसानों ने सोमवार को हाईवे किनारे ट्रैक्टर खड़े कर रोष जताया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
सोमवार दोपहर तमाम किसान ट्रैक्टर लेकर बंडा पुवायां हाईवे पर गांव सबली के टोल प्लाजा के पास पहुंचे। ट्रैक्टरों को हाईवे किनारे खड़ा कर विश्व व्यापार संगठन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस मौके पर भाकियू के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह धालीवाल ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से विश्व व्यापार संगठन की नीतियों का विरोध करने का निर्णय लिया गया है।
ये हैं मांगें
मोर्चा की मांग है कि भारत की कृषि को विश्व व्यापार संगठन से बाहर रखा जाए। भारत की आर्थिक स्वायत्ता की रक्षा की जाए। कॉरपोरेट समर्थक भारत सरकार को दंडित किया जाए। सभी फसलों के लिए एमएसपी और सीटू प्लस 50 प्रतिशत कानूनी गारंटी के साथ खरीदा जाए। खाद्य सुरक्षा राशन प्रणाली और किसान की रक्षा की जाए। किसानों ने संबंधित मांगों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा।