Bharat Bandh: शाहजहांपुर में संगठनों ने रैली निकालकर जताया विरोध, बाजार खुला... बंद का आह्वान बेअसर
शाहजहांपुर में आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले लोगों ने रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में प्रशासनिक अधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर संसद में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को निष्प्रभावी करने की मांग उठाई।
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट द्वारा आरक्षण के उपवर्गीकरण के फैसले के विरोध में दलित और आदिवासी संगठनों ने बुधवार को 'भारत बंद' का आह्वान किया है। भारत बंद शाहजहांपुर में बेअसर दिखा। हालांकि कई संगठनों ने रैली निकालकर विरोध जताया। प्रशासनिक अधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर संसद में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को निष्प्रभावी करने की मांग उठाई। इस दौरान सपा और बसपा ने भी समर्थन दिया।
बुधवार सुबह दस बजे से खिरनीबाग स्थित जीआईसी मैदान में विभिन्न संगठन के कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से रैली निकाली जो अंटा चौराहा, अंजान चौकी, घंटाघर, बहादुरगंज एवं सदर बाजार होते हुए खिरनीबाग मैदान में वापस आकर समाप्त हुई। लोगों की मांग थी कि एससीएसटी को दिए गए आरक्षण के उपवर्गीकरण संबंधी सुप्रीम कोर्ट के आदेश को संसद द्वारा रद्द किया जाए।
आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल किया जाए। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। रैली में सैकड़ों लोग शामिल हुए। सपा और बसपा के तमाम पदाधिकारी भी पहुंचे और उन्होंने मांगों का समर्थन किया। सपा ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया। वहीं, भारत बंद का आह्वान पूरी तरह से निष्प्रभावी नजर आया। शहर का पूरा मार्केट खुला रहा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.