Shahjahanpur News: घूसखोरी प्रकरण में बीएसए कार्यालय पहुंची एंटी करप्शन टीम, विभागीय कार्रवाई की जानकारी ली
शाहजहांपुर में रिश्वत मामले में एंटी करप्शन टीम मंगलवार को फिर बीएसए कार्यालय पहुंची। टीम ने विभागीय कार्रवाई की जानकारी ली। टीम ने जिला समन्वयक निश्चय सिंह और कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण कुमार को 20 अप्रैल को गिरफ्तार किया था।
विस्तार
शाहजहांपुर के बीएसए कार्यालय में मिड डे मील के जिला समन्वयक निश्चय सिंह और कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण कुमार के दस हजार रुपये रिश्वत लेते समय गिरफ्तार होने के मामले में मंगलवार को बरेली की एंटी करप्शन टीम फिर कार्यालय पहुंची। इस बीच विभाग की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी ली। टीम जल्द ही न्यायालय में चार्जशीट प्रस्तुत करेगी।
भावलखेड़ा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल पैना की सहायक अध्यापक रेनू शुक्ला की शिकायत पर 20 अप्रैल को एंटी करप्शन टीम ने निश्चय सिंह व अरुण कुमार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ सदर बाजार थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने कई बार कार्यालय में आकर साक्ष्य जुटाए।
बीएसए से ली कार्रवाई की जानकारी
बीएसए दिव्या गुप्ता के तबादले के बाद एंटी करप्शन टीम मंगलवार को दोबारा पहुंची। टीम ने बीएसए विजय शंकर श्रीवास्तव से मुलाकात की। इस बीच टीम ने अपनी की गई कार्रवाई के बारे में बताया। इसके अलावा बीएसए से आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी ली। कार्रवाई की प्रक्रिया के बारे में बीएसए से लिखित में जानकारी प्राप्त की गई।
संभावना है कि मामले में जल्द ही न्यायालय में चार्जशीट पेश की जाएगी। बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि एंटी करप्शन टीम सामान्य प्रक्रिया के तहत जानकारी लेने के लिए आई थी।
कंप्यूटर ऑपरेटर और डीसी की जमानत का इंतजार
रिश्वत लेते हुए पकड़े गए डीसी और कंप्यूटर ऑपरेटर की अब तक जमानत नहीं हो सकी है। उनके परिवार के लोग लगातार प्रयास में जुटे हैं। बताते हैं कि चार्जशीट पेश होने के बाद जमानत की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। वहीं, दूसरी ओर विभागीय कार्रवाई भी अधर में लटकी है। तत्कालीन बीएसए दिव्या गुप्ता ने कार्रवाई के लिए सीडीओ को पत्राचार किया था। वहां से अनुमोदन का इंतजार किया जा रहा है।