UP: शाहजहांपुर में 11 साल की बच्ची को कुत्तों ने नोचकर मार डाला, गले और सीने से मांस नोच खाया
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रविवार सुबह 11 वर्षीय बच्ची पर कुत्तों ने हमला कर दिया। नोच-नोचकर उसे मार डाला। बच्ची की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
विस्तार
शाहजहांपुर शहर के ककराकलां मोहल्ले की रहने वाली 11 वर्षीय स्वालिया को कुत्तों ने नोचकर मार डाला। वह पिता के साथ खेत पर सब्जी तोड़ने गई थी। पिता ने उसे भाई इकराम को बुलाने के लिए दूसरे खेत पर भेजा था। रास्ते में कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बहन की चीख सुनकर भाई वहां आया और कुत्तों को भगाया। परिजन गंभीर घायल स्वालिया को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे बाहर लेकर जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
गले और सीने से नोचा मांस
नीचे गिरने पर कुत्तों ने उसे नोचना शुरू कर दिया। यह इलाका थोड़ा सुनसान रहता है। उसकी चीखें सुनकर भाई इकराम बाइक से उसके पास आया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होने से वह गिर गया और उसके चेहरे पर चोट आ गई। फिर भी उसने कुत्तों को भगाया। कुत्तों ने स्वालिया के गले और सीने पर मांस नोच लिया था। चीख-पुकार सुनकर नईम भी भागकर वहां आ गए। उसे गोद में लेकर पिता-पुत्र राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां पर बच्ची की मरहम पट्टी की गई।
डॉक्टर ने उन्हें बरेली या लखनऊ ले जाने के लिए कहा। परिजन उसे बाहर ले जाने की तैयारी कर रहे थे तभी डॉक्टर ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव के पोस्टमॉर्टम से इन्कार कर दिया और शव लेकर घर चले गए।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.