बिना मान्यता वाले स्कूलों पर कसी जाएगी नकेल
जनपद में बिना मान्यता के कई स्कूल संचालित हो रहे हैं। इनमें से कई तो परिषदीय विद्यालयों के बगल में खुल गए हैं, जिसके चलते छात्रों का नामांकन प्रभावित हो रहा है। शिक्षक लगातार रैली निकाल कर छात्रों का नामांकन बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।
लेकिन शत प्रतिशत नामांकन में उन्हें सफलता नहीं मिल रही है। जिसको लेकर बीएसए ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन स्तर से बिना मान्यता के चल रहे विद्यालयों पर कार्रवाई के लिए कहा गया है।
जनपद में सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची विद्यालय के समिति के पंजीयन नवीनीकरण की तिथि एवं अन्य विवरण अंकित हो उसे कार्यालय में उपलब्ध कराएं। अपने अपने क्षेत्र में संचालित मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधकों को जिस समिति के पंजीकरण के अधीन विद्यालय संचालित किया गया हो उसके नवीनीकरण की प्रति उपलब्ध कराई जाए।
यदि किसी विद्यालय के प्रबंधक द्वारा समिति के वैधता तिथि कालातीत होने के उपरांत भी विद्यालय संचालित किया जा रहा है। उनको तत्काल नोटिस दिया जाए और सोसाइटी पंजीकरण का नवीनीकरण कराने के लिए प्रबंधक को निर्देश दिया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।