{"_id":"66-97554","slug":"Sant-kabir-nagar-97554-66","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीबीआई ने नौ बीडीओ समेत दस को तलब किया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीबीआई ने नौ बीडीओ समेत दस को तलब किया
Sant kabir nagar
Updated Tue, 28 Oct 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
संतकबीरनगर। मनरेगा घोटाले की जांच के तहत सीबीआई ने जिले के सभी ब्लॉकों में तीन वर्षो में कराए गए कुल कार्यो की संख्या और अनुमानित व्यय का ब्यौरा मांगा है। इसके अलावा पूछताछ के लिए सीबीआई ने सांथा ब्लॉक में तैनात रह चुके नौ पूर्व बीडीओ समेत दस लोगों को अलग-अलग तिथियों में देहरादून कार्यालय बुलाया है। इसको लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा है। सीबीआई ने मनरेगा घोटाले की जांच सबसे पहले जिले के सांथा ब्लॉक से शुरु की है। करीब डेढ़ माह पूर्व सीबीआई की टीम ने ब्लॉक के कई गांवों में मनरेगा से कराए गए कार्यो का स्थलीय निरीक्षण भी किया था। जिसमें अनियमितता मिली थी। सीबीआई ने पूछताछ के लिए सांथा ब्लॉक में तैनात रह चुके नौ पूर्व बीडीओ और एक आरईएस के जेई को अलग-अलग तिथियों में देहरादून कार्यालय बुलाया है। पूर्व बीडीओ दुर्गा दत्त शुक्ल और पूर्व बीडीओ एच पी यादव को 27 अक्टूबर को और पूर्व बीडीओ जेएन सरोज और पूर्व बीडीओ डीएन तिवारी को 28 अक्टूबर को बुलाया है। पूर्व बीडीओ रमेश चंद्रा और पूर्व बीडीओ हरेंद्र नाथ सिंह को 29 अक्टूबर को, पूर्व बीडीओ रणवीर सिंह, पूर्व बीडीओ दुक्खी प्रसाद को 30 अक्टूबर को तथा पूर्व बीडीओ आरबी सिंह और जेई आरईएस एपी मिश्रा को 31 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इस संबंध में सीबीआई ने अधिकारियों को पत्र भी भेजा है। इसके अलावा सीबीआई ने वित्तीय वर्ष 2007-08 से 2009-2010 के बीच समस्त विकास खंडों में मनरेगा योजना के अंतर्गत कराए गए कुल कार्यो की अनुमानित संख्या और उन पर कुल अनुमानित खर्च का ब्यौरा भी मांगा है। आयुक्त ग्राम्य विकास ने पत्र भेजकर सीडीओ और डीसी मनरेगा को निर्देश दिया है कि सीबीआई द्वारा मांगी गई सूचना को निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराई जाए। सीडीओ राम नरेश ने बताया कि सीबीआई ने जिन नौ पूर्व बीडीओ और एक जेई आरईएस को पूछताछ के लिए बुलाया है। उसमें से दो बीडीओ की मृत्यु हो चुकी है। संबंधित पूर्व बीडीओ को सूचना दे दी गई है। सीबीआई ने जो सूचनाएं मांगी हैं, उसे उपलब्ध कराया जाएगा।
विज्ञापन