कार में लिफ्ट देकर युवक से तमंचे का भय दिखाकर नकदी लूट लेने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक तमंचा व कारतूस समेत कार, नकदी व तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं।
इंस्पेक्टर पंकज लवानियां ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर निवासी मोहम्मद सलीम पुत्र अब्दुल सलाम ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 16 जुलाई 2022 की रात एक बजे करीब वह गांव बेहटा-जयसिंह चौराहे पर सवारी का इंतजार कर रहा था। तभी वहां आई एक इनोवा कार में वह बतौर सवारी बैठ गया। तभी बहजोई-संभल मार्ग पर गांव किसौली व अतरासी के बीच कार में सवार दो लोगों ने तमंचे का भय दिखाकर उससे 55 सौ रुपये लूट लिए। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर गठित की गई पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर टिकटा रोड के निकट से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली लाकर पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अनीस अहमद निवासी मोहल्ला कायस्थान पूर्वी, नौशाद व असगर निवासी मोहल्ला मुस्तफानगर थाना कुंदरकी जिला मुरादाबाद बताए। इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक तमंचा, 11 हजार रुपये व इनोवा कार समेत 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, आरोपी नौशाद के खिलाफ एक और मामला 25 आर्म्स एक्ट का दर्ज हुआ है। उन्होंने बताया कि वहीं गिरफ्तारी टीम में दरोगा अजीत सिंह समेत कांस्टेबल रवि सैनी, अमित कुमार व दीपक कुमार आदि रहे।