संभल। शहर में शुक्रवार को जुमे की नमाज और करवा चौथ त्योहार को लेकर कड़ी चौकसी रही। जामा मस्जिद पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जामा मस्जिद में नमाज अदा करके दुआ मांगी। एएसपी उत्तरी की अगुवाई में पुलिस ने बाइकों से भ्रमण किया। शुक्रवार को सुबह से ही पुलिस अलर्ट मोड पर दिखाई दी। शहर में विभिन्न प्वॉइंटों पर पुलिस तैनात की गई। जामा मस्जिद पर पुलिस, पीएसी के साथ ही आरआरएफ के जवानों को तैनात किया गया। जामा मस्जिद में निर्धारित समय पर लोगों ने जुमे की नमाज अदा करते हुए दुआ मांगी। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी गई। इस बीच एएसपी उत्तरी कुलदीप कुमार की अगुवाई में पुलिस ने बाइकों से शहर में भ्रमण किया। भ्रमण मेंथा मंडी से शुरू होकर रायसत्ती, दीपा सराय, अंजुमन, नखासा, मुख्य बाजार, जामा मस्जिद, मोहल्ला नाला से हल्लू सराय, बरेली सराय होते हुए शंकर कॉलेज चौराहे तक हुआ।
एएसपी उत्तरी ने बताया कि करवा चौथ त्योहार और जुमे की नमाज को लेकर पुलिस ने लोगों से संवाद किया। शहर के हालात पर निगाह रखी गई। करवा चौथ के साथ-साथ जुमे की नमाज को सकुशल संपन्न कराने का प्रयास किया गया। इस दौरान कोतवाल गजेंद्र सिंह और रायसत्ती थाना पुलिस रही।