शाइस्ता की दास्तां: मारपीट से तंग पहले पति को दिया तलाक, दूसरे से किया निकाह... अब उसने भी पीटकर बेटी मार डाली
संभल निवासी शाइस्ता ने पहले पति से तंग आकर दूसरे से निकाह किया था। उसने दोनों बेटियों की बेहतर तरीके से परवरिश करने की बात कही थी। लेकिन नशे की हालत में उसने बेटी को पटककर मार डाला। घटना के बाद शाइस्ता पूरी तरह टूट गई है।
विस्तार
हयातनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नवादा में ई-रिक्शा चालक ने अपनी दो साल की बेटी जन्नत की पटक-पटककर जान ले ली। दूसरी बेटी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी मुन्ना उर्फ अशरफ को हिरासत में ले लिया है। मुन्ना से दोनों बच्चियों की मां शाइस्ता परवीन ने छह माह पहले ही निकाह किया था। शाइस्ता ने पहले पति को मारपीट के कारण ही छोड़ा था। अपनी निजी परेशानी खत्म करने के लिए शाइस्ता ने पहले से तलाक लेकर दूसरे से निकाह किया था।
उसने बताया कि निकाह के दौरान आरोपी ने पहले पति से जन्म लेने वाली दोनों बेटियों को स्वीकार किया था। निकाह के कुछ दिनों बाद ही वह नफरत करने लगा। इस नफरत ने एक बेटी की जान ले ली। दूसरी ओर लोगों ने कहा कि शाइस्ता की बदनसीबी दूसरा निकाह करने के बाद भी दूर नहीं हुई।
आरोपी ने शाइस्ता से निकाह करने के बाद ई-रिक्शा लिया था और किराए के घर में रहने लगा था। पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी शराब के नशे में जब भी आता तो पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। कोई टोकता तो उससे भी लड़ने को तैयार हो जाता था। इसलिए कोई बात करना पसंद नहीं करता था। बृहस्पतिवार को भी पहले पत्नी को पीटा और बाद में बेटियों को पीटने लगा।
बच्ची को दीवार पर पटकता रहा सौतेला पिता, चीखती रही मां
सौतेली बेटियों से आरोपी मुन्ना उर्फ अशरफ नफरत करता था। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने बालिकाओं को दीवार से तब तक पटका जब तक दो वर्षीय जन्नत की जान नहीं चली गई और दूसरी बालिका मन्तशा बेहोश नहीं हो गई। जब आरोपी को लगा कि दोनों बहनों की मौत हो गई है तो उसने कमरे का दरवाजा खोला।
जब आरोपी कमरे में बेटियों को पटक रहा था तब बेबस मां अपनी बेटियों को बचाने की गुहार लगा रही थी। आसपास के लोगों ने आने में भी देर की और किसी ने दरवाजा तोड़कर बाहर नहीं निकाला। किसी ने बेबस मां की पहली चीख सुनकर दरवाजा तोड़ दिया होता तो दो वर्षीय जन्नत की जान बच सकती थी। शाइस्ता ने बताया कि बेटियों को कमरे में लेकर जाने से पहले उसके साथ आरोपी ने मारपीट की थी।
जब बेटियों को कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर लिया। दीवारों से पटकने की आवाज आ रही थी। बेटियां चीख रही थीं और बेरहम पटक रहा था। शाइस्ता के अनुसार करीब दस मिनट तक बेटियों को दीवारों से पटका है। जब बेटियों के चीखने की आवाज आनी बंद हो गई तो आरोपी ने दरवाजा खोला। जब तक मन्नत की मौत हो गई थी और दूसरी मूक बधिर बेटी बेहोश पड़ी थी।
अशरफ आए दिन पीटता था सौतेली बेटियों को
आरोपी मुन्ना उर्फ अशरफ ने छह महीने पहले ही शाइस्ता से निकाह किया है। निकाह के बाद से ही आरोपी आए दिन बालिकाओं को मारता पीटता रहता था। आरोपी की साली नूरजहां ने बताया कि उनकी बहन शाइस्ता की पहली शादी सरायतरीन निवासी एक युवक से पांच वर्ष पहले हुई थी। वह भी मारपीट करता था।
छह महीने पहले वह जेल गया तो उससे तलाक ले ली थी। इसके बाद ही आरोपी से निकाह किया था। आरोपी ने निकाह करने के बाद ही बालिकाओं के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी थी। दोनों बालिका दूसरे व्यक्ति की थी इसलिए आरोपी नफरत करता था।
आरोपी की साली का कहना है कि आरोपी आए दिन कहता था कि बेटियों को दहेज देना पड़ेगा। बेटे होते तो रख लेते। इन बेटियों पर तो खर्च ही होता है और यह परेशान भी करती हैं। इसलिए नशे की हालत में जब भी होता तो बालिकाओं के साथ मारपीट करता था।
बच्चियों की मां की हालत बिगड़ी, रेफर
आरोपी ने बालिका की हत्या से पहले पत्नी शाइस्ता की पिटाई की थी। शाइस्ता गर्भवती है और उसकी अचानक हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। मूकबधिर घायल मन्तशा को भी मुरादाबाद के लिए रेफर किया गया है। पिटाई से उसकी हालत भी बिगड़ी हुई है। सीओ का कहना है कि महिला और उसकी बेटी का उपचार कराया जा रहा है। जिस बालिका की मौत हो गई है उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
सौतेले पिता ने पटक-पटककर मार डाला
संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नवादा में ई-रिक्शा चालक ने अपनी दो और तीन साल की सौतेली बेटियों को कई बार उठाकर पटक दिया। इससे दो साल की बच्ची जन्नत की मौत हो गई जब तीन साल की मन्तशा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी मुन्ना उर्फ अशरफ को हिरासत में ले लिया है। मुन्ना से दोनों बच्चियों की मां शाइस्ता परवीन ने छह माह पहले ही निकाह किया था। शाइस्ता ने पुलिस को बताया कि मुन्ना नशे की हालत में घर आया था। खाना खाने के दौरान उसने बच्चियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।