संभल हिंसा: दबिश दे रही पुलिस.. हाथ नहीं आ रहे उपद्रवी, अब तक 450 चेहरे और 97 आरोपियों के बारे में यह पता चला
जामा मस्जिद, नखासा तिराहा, और हिंदूपुरा खेड़ा में बवाल के आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। अब तक 97 उपद्रवियों की पहचान हो चुकी है। 24 नवंबर को हुए इस बवाल में पांच लोगों की मौत और कई घायल हुए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जामा मस्जिद के नजदीक, नखासा तिराहा और हिंदूपुरा खेड़ा में उपद्रव करने के आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हैं। यह उपद्रवी बवाल के बाद से घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस की टीम सूचना के आधार पर जगह-जगह दबिश दे रही है लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि प्रयास में टीमें लगी हैं लेकिन अभी कोई उपद्रवी हाथ नहीं आया है। कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। 97 उपद्रवियों के नाम और पते की जानकारी मिल गई है। 450 चेहरे सामने आ चुके हैं।
24 नवंबर की सुबह जामा मस्जिद का सर्वे चल रहा था। इसी दौरान सैकड़ों की संख्या में भीड़ मस्जिद के आसपास जमा हो गई थी। इस दौरान पुलिस और भीड़ में झड़प हो गई थी। पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई। पुलिस ने भी लाठी चार्ज करने के साथ ही टियर गैस और रबड़ बुलेट का इस्तेमाल किया।
इस बवाल में पांच लोगों की जान गई थी। 29 पुलिसकर्मी और 30 से ज्यादा भीड़ के लोग घायल हुए थे। करीब डेढ़ घंटे में पुलिस ने इस बवाल को काबू किया तो नखासा तिराहा और हिंदूपुरा खेड़ा में पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई थी।
पुलिस ने इन तीनों स्थानों पर हुए बवाल में 40 नामजद और 2750 अज्ञात के खिलाफ अलग-अलग सात एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें दो एफआईआर नखासा थाना और पांच एफआईआर संभल कोतवाली में दर्ज हैं। इन सभी सात एफआईआर में 41 आरोपी ही जेल भेजे गए हैं।
एसपी का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपी भागे हुए हैं। सूत्रों के माध्यम से जानकारी कराई जा रही है कि आरोपी कहां छिपे हैं।
सांसद और दिवंगत पूर्व सांसद के मीटर की जांच
दिवंगत पूर्व सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क व उनके पोते सांसद जियाउर्रहमान बर्क के मीटर की जांच विद्युत परीक्षणशाला संभल में होगी। दोनों सांसद के प्रतिनिधि को बिजली विभाग की ओर से नोटिस भेज कर बुलाया गया है। पूर्व सांसद और सांसद के नाम से दो मीटर सांसद के आवास पर लगे थे।
इन दोनों को बिजली विभाग ने जांच के लिए विद्युत परीक्षणशाला भेजा है। इस विद्युत परीक्षणशाला के एक्सईएन सुप्रीत सिंह ने नोटिस में कहा गया है कि 19 दिसंबर को विद्युत परीक्षणशाला में मीटर की जांच नहीं हो सकी थी। इसलिए अब मीटर के परीक्षण के लिए सोमवार के समय निर्धारित किया गया है। सांसद प्रतिनिधि के सामने ही मीटर की अंतिम जांच होनी है।