दहेज की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने शादी के लिए बरात लाने से इनकार कर दिया। लड़की के पिता ने एसपी संभल को शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को एसपी संभल को दिए शिकायतीपत्र में बताया कि उसने अपनी बेटी की मंगनी 26 जुलाई को बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बहापुर निवासी युवक के साथ की थी। मांगनी में दो लाख 51 हजार नकद रुपये, तीन लाख के जेवर और एक लाख के कपड़े उपहार स्वरूप भेंट किए थे। आठ अक्तूबर को शादी होना प्रस्तावित हुई थी। इसी दौरान एक सितंबर को लड़के वालों ने उसके सामने दहेज में पांच लाख रुपये नकद और एक कार देने की मांग रखी और धमकी देते हुए कहा कि यदि तुम हमारी मांगों को पूरा नहीं करोगे तो हम बरात लेकर नहीं आएंगे। 29 सितंबर को लड़के के माता-पिता, भाई, मामा गांव आए थे। उन्होंने शादी में दहेज की मांग पूरा करने की बात करने लगे। मना करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आस पड़ोस के लोगों ने बीच-बचाव किया। लड़के पिता और उनके साथ आए लोग धमकी देकर गए है कि अगर दहेज की मांग पूरी नहीं करोगे, तो बरात लेकर नहीं आएंगे। थाना बनियाठेर पुलिस पर मामले में कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।