चंदौसी। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन चेप्टर संभल के तत्वावधान में राम स्वरूप रोड स्थित जैन पैलेस में होली मिलन व कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष बंसल रहे। कार्यक्रम में सभी एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दी। इसके उपरांत कवि सम्मेलन का प्रारंभ हुआ। इसमें बदायूं से आए फैमी बदायूंनी ने सुनाया कि कुछ न कुछ बोलते रहो हमसे, चुप रहोगे तो लोग सुन लेंगे। नरेंद्र गरल ने सुनाया कि धरा धंसती हुई सीता विचारे, इसी पल को धनुष तोड़ा गया है। अजहर इकबाल ने अपनी रचना सुनाई, यह पहला इश्क है तुम्हारा सोच लो, मेरे लिए ये रास्ता नया नहीं। सोनरूपा ने सुनाया, मैं जैसी हो गई, होना नहीं था, यूं अपने आप को खोना नहीं था। विनीत आशना ने सुनाया, जरा सी जान भर ही दी हैं मैंने दिल के बदले में, मैं बनिया यूं भी घाटे का कभी सौदा नहीं करता। चराग सर्मा ने पढ़ा, अबके मिली शिकस्त मेरी ओर से मुझे, जितवा दिया गया किसी कमजोर से मुझे। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि जनपद में व्यापार की अपार संभावनाएं है, जिसको सभी के सहयोग से आगे बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष चेयरमैन कमल कौशल वार्ष्णेय, सचिव सुबोध गुप्ता, नितिन अग्रवाल, नीरज चौधरी, संजय गुप्ता, नवलेश वार्ष्णेय, मोहम्मद सारिक, फूल प्रकाश वार्ष्णेय, राजीव कृष्णा, शोभित अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, आदि मौजूद रहे।