बबराला। नगर के बाबूराम सिंह भाय सिंह महाविद्यालय परिसर में सोमवार को विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में तहसील स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दिव्यांग बच्चों ने अपनी अद्भुत ऊर्जा, उत्साह और खेल प्रतिभा से आकर्षित किया और दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता की शुरुआत खंड शिक्षा अधिकारी मुंशी लाल पटेल ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में तहसील क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों से आए कुल 63 दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्ण भागीदारी की। प्रतिभागियों ने लंबी कूद, 50 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़ व रस्साकशी समेत विभिन्न स्पर्धाओं में प्रदर्शन किया। जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी गुन्नौर मुंशी सिंह पटेल ने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में सभी प्रतिभागियों को मेडल और लंच बॉक्स देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खेल शिक्षक महावीर सिंह, शिक्षक अजय सिंह, अंशु शर्मा, राम उमेश सिंह, ताराचंद, दुष्यंत कुमार, धर्मपाल, रवि प्रकाश, पिंकी सिंह और ममता रानी आदि उपस्थित रहे।