Sambhal: सप्ताह में दूसरी बार 46 डिग्री के पार पहुंचा पारा, लू के थपेड़ों ने किया बेहाल
संभल में गर्मी का सितम जारी है। लगातार चल रही लू से जनजीवन बेहाल है। जिले का पारा 46 डिग्री को पार कर गया है। चिकित्सकों ने इस मौसम में बचने की सलाह दी है।
विस्तार
जून माह में भीषण गर्मी का सितम जारी है। संभल में सोमवार को जिले का अधिकत तापमान एक बार फिर 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। जबकि न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के साथ लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया।
धूप से बचने के लिए लोग चेहरे को कपड़े से ढककर घरों से बाहर निकले। सोमवार की सुबह दस बजे से शरीर को झुलसाने वाली गर्मी के साथ लू चलने लगीं। सप्ताह में दूसरी बार सोमवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री पहुंचा।
दोपहर के समय तो लू ने त्वचा को झुलसाने का काम किया। शाम छह बजे तक लू का अहसास हुआ। बकरीद के चलते काफी भीड़भाड़ दिखाई देने की उम्मीद थी लेकिन गर्मी से लोग बेहाल हो गए। घरों से दोपहर में निकले नहीं।
शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। चिकित्सकों की भी सलाह है कि इस भीषण गर्मी के दौरान घर से निकलने में परहेज करें। डिहाइड्रेशन होने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है।
सीएचसी संभल के चिकित्सक डॉ. नीरज शर्मा ने बताया कि इस भीषण गर्मी में जाने से बचें। पानी और नींबू पानी का सबसे ज्यादा सेवन करें। पसीना शरीर से निकलने पर पानी की कमी होने का खतरा रहता है। ऐसे में हालत खराब हो सकती है।
सरकारी के साथ निजी अस्पतालों में भी बढ़ी मरीजों की भीड़
सप्ताहभर से भीषण गर्मी से लोगों को बेहाल कर रही है। बच्चे सबसे ज्यादा इस गर्मी की चपेट में आकर बीमार हो रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में कुल 104 मरीजों की ओपीडी हुई। इसमें भी 20 से ज्यादा मरीज गर्मी से पीड़ित पहुंचे।
डॉ. चमन प्रकाश ने बताया कि उल्टी, दस्त, चक्कर, बुखार के मरीज गर्मी के चलते आ रहे हैं। मरीजों को दवाई के साथ बचाव की सलाह दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर निजी अस्पतालों की बात करें तो सुबह से देर रात तक बीमारों की भीड़ नहीं टूट रही है। सबसे ज्यादा भीड़ बाल रोग विशेषज्ञों के अस्पताल में दिखाई दे रही है। पांच वर्ष तक के बच्चे सबसे ज्यादा बीमार हो रहे हैं।
तिथि अधिकतम न्यूनतम
11 जून 44 30
12 जून 45 31
13 जून 46 32
14 जून 45 31
15 जून 45 31
16 जून 45 31
17 जून 46 32
खानपान का रखें ख्याल
जिला अस्पताल के वरिष्ठ जनरल फिजिशियन डॉ. चमन प्रकाश ने बताया कि सत्तू का घोल, दूध-चावल की ठंडी खीर, छाछ, लस्सी, आम पन्ना, नारियल पानी, नींबू पानी, ककड़ी, तरबूज, मौसमी फलों का रस का सेवन करें। भोजन के लिए लौकी, परवल, बथुआ, छिलका सहित आलू, करेला, कच्चा केला, चौलाई, मूंग और मसूर की दाल खाएं।
गर्मी में इसका न करें सेवन
जिला अस्पताल के वरिष्ठ जनरल फिजिशियन डॉ. चमन प्रकाश ने बताया कि गर्मी के मौसम में तीखा, खट्टा, तेज मिर्च-मसाले, तली भूनी चीज, नमकीन और बासी खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए। इसके अलावा अंडा, मांस, मछली, उड़द की दाल, चने की दाल, अरहर की दाल, कैला, बैंगन, शहद, सिरका, खटाई, शराब आदि का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए।