संभल। केंद्र सरकार द्वारा अडानी समूह में एलआईसी और एसबीआई जैसे सरकारी संस्थानों के लेनदेन व निवेश के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एलआईसी कार्यालय के सामने धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को कांग्रेस के शहर अध्यक्ष तौकीर अहमद के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि आम भारतीय की कीमत पर अपने करीबी दोस्तों और चुनिंदा अरबपतियों को फायदा पहुंचाने की मोदी सरकार की नीतियों से पूरे देश खासकर मध्यमवर्ग चिंतित है। बताया कि मोदी सरकार द्वारा अडानी समूह में एलआईसी और एसबीआई जैसे सरकारी संस्थानों के बेहद जोखिम भरे लेनदेन और निवेश ने भारत के निवेशकों एलआईसी के 29 करोड़ पॉलिसी धारकों और एसबीआई के 45 करोड़ खाताधारकों पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। बताया कि एलआईसी और एसबीआई जैसे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम देश का गौरव है और करोड़ों भारतीयों की गाढ़ी कमाई से बने हैं। मोदी सरकार ने जबरदस्ती एलआईसी, एसबीआई और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को अडानी समूह में निवेश किया है और पिछले कुछ दिनों में एलआईसी के 39 करोड़ पॉलिसी धारकों और निवेशकों का 33060 करोड़ का नुकसान हुआ है। एसबीआई और अन्य भारतीय बैंकों ने अडानी समूह को भारी मात्रा में ऋण दिया। अडानी समूह पर भारतीय बैंकों का 80000 करोड़ बकाया है। बताया कि कांग्रेस पार्टी चुनिंदा अरबपतियों को फायदा व जनता को नुकसान पहुंचाने के विरोध में पूरे देश में सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने लाना चाहती है। इसमें महिला जिलाध्यक्ष कल्पना सिंह, सुनील यादव, आरिफ खान तनवीर, जीतपाल, वाहिद सैफी, डीके वाल्मीकि, महेंद्र सिंह अद्वैत, दाउद पाशा, फुरकान कुरैशी, डा. सलाउद्दीन, शारिक जिलानी, अक्षय ठाकुर, सलमान, सरफराज, हाजी इरफान, मोहम्मद इरफान, नजरुल हसन, पुरुषोत्तम पाल, फैजान सैफी, एके त्यागी, डा. जेपी सहगल, हाजी अनीस, शरीफ प्रधान, गफ्फार, रफी, आजम आदि रहे।