Sambhal Seat: संभल से सपा प्रत्याशी बर्क के खिलाफ बिलारी में केस, आचार संहिता का उल्लंघन का मामला
संभल लोकसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी जिया उर रहमान बर्क के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उन पर आचार संहिता का उल्लंघन करने का आराेप है। पुलिस ने बताया कि वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
विस्तार
आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में बृहस्पतिवार शाम को बिलारी थाने में संभल लोकसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशी जिया उर रहमान बर्क के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जिला प्रशासन की ओर से नामित मजिस्ट्रेट राम चौधरी ने सपा प्रत्याशी पर रिपोर्ट दर्ज कराई।
मजिस्ट्रेट ने कहा कि बिलारी में भ्रमण के दौरान उन्हें वीडियो के माध्यम से एक सूचना मिली। वीडियो की जांच कराने पर पता चला कि 21 अप्रैल रात 10:45 बजे बिलारी में शरीफ अहमद पल्लेदार के घर शादी समारोह था।
जिसमें पहुंचे संभल लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी जिया उर रहमान बर्क निवासी दीपा सराय संभल, बिलारी के मोहल्ला ठाकुरान निवासी इसरार हुसैन व उनके 15 अज्ञात साथी आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे थे।
पुलिस ने मामले में आचार संहिता का उल्लंघन करने में रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ राजेश कुमार ने बताया कि वीडियो आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं साक्ष्य के आधार पर आगे की जांच होगी।
माइक्रो आब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया
लोकसभा चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में सामान्य प्रेक्षक अमित कुमार की अध्यक्षता में सभी माइक्रो आब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान सामान्य प्रेक्षक ने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्व का पोलिंग पार्टी रवानगी के दिन 6 मई तथा जिले में होने वाले मतदान के दिन 7 मई को बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य रहता है।
मतदान के दिन सभी को सुबह उपस्थित होकर सभी माइक्रो ऑब्जर्वर मॉक पोल की प्रक्रिया का अवलोकन करेंगे। वहीं सामान्य प्रेक्षक ने मॉक पोल के प्रारूप पर हस्ताक्षर व साथ ही साथ ईवीएम मशीन के रिप्लेसमेंट को लेकर भी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मॉक पोल के समय यदि कोई ईवीएम मशीन खराब होती है, तो सिर्फ खराब मशीन को ही बदला जाएगा। वहीं वास्तविक मतदान के समय कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट खराब होती है, तो ऐसे में पूरा सेट बदला जाएगा।
यदि सिर्फ वीवीपैट खराब होती है तो वीवीपैट ही बदला जाएगा। इसका कोई मॉक पोल नहीं होगा। प्रभारी मतदान कार्मिक व सीडीओ भरत कुमार मिश्र ने सभी माइक्रो आब्जर्वर से कहा कि पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझ लें। इस बीच उन्होंने मॉक पोल, पीठासीन समेत मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय के कार्यों के बाबत भी जानकारी दी।