दरिंदगी: नलकूप पर नहा रहे आठ वर्षीय बच्चे को पकड़कर किया कुकर्म, पूरा वाकया सुन घरवालों के पैरों तले खिसक गई जमीन
संभल के थाना जुनावई क्षेत्र के एक गांव निवासी बच्चा गांव के रहने वाले एक शख्स के नलकूप पर नहा रहा था। जहां पर नलकूप का मालिक मौजूद था। उसे बालक को पकड़कर एक कमरे में ले जाकर उसके साथ कुकर्म किया। बच्चे ने मामले की जानकारी घरवालों को दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नलकूप मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विस्तार
संभल जिले के एक गांव में जंगल में नलकूप पर नहाने गए आठ वर्षीय बच्चे को नलकूप मालिक ने पकड़ लिया, और कोठरी में ले जाकर उसके साथ कुकर्म किया। बच्चे ने घटना की सूचना परिजनों को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो, मारपीट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना जुनावई क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका आठ वर्षीय बेटा शनिवार की शाम करीब चार बजे जंगल में गांव के ही रहने वाले भगवान सिंह के नलकूप पर नहाने गया था। आरोप है कि वहां पर नलकूप मालिक भी था। जहां उसने बच्चे को पकड़ लिया और कोठरी में ले गया। इस दौरान वहां से अन्य बच्चे भाग आए। आरोपी ने कोठरी में उसके बेटे के साथ कुकर्म किया और मारपीट भी की।
शाम को बच्चा घर पहुंचा, तो वह घटना की वजह से गुमशुम था। पूछने पर उसने कुछ नहीं बताया। समझा-बुझाकर पूछे जाने पर उसे सारी बात बता दी। इसके बाद वह घरवालों के साथ थाने में पुलिस से शिकायत करने जा रहा था। आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोगों ने बातचीत करने की बात कहकर थाने नहीं जाने दिया। इसके बाद सोमवार को लड़के के पिता ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी भगवान सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी फरार हो गया है। पुलिस ने किशोर को मेडिकल के लिए भेज दिया है।
सीओ बोले जल्द आरोपी की होगी गिरफ्तारी
सीओ गुन्नौर देवेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि जुनावई थाना क्षेत्र के गांव में बच्चे के साथ कुकर्म की घटना हुई है। बच्चे को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी घर से फरार है, जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।