सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव सरकड़ी शेख में मारपीट में घायल हुए युवक की मौत हो गई। परिजनों ने चार आरोपियों पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद सहित चार आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव सरकड़ी शेख निवासी विकास का गांव में ही 10 जुलाई को कुछ युवकों से मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। चार युवकों ने विकास की पिटाई कर दी थी। मामले में लोगों ने बीच-बचाव कराया था। विकास के सिर में गंभीर चोट आई थी। परिजनों ने जिला अस्पताल में विकास उपचार कराया। उपचार के बाद विकास को अस्पताल से परिजन घर ले आए थे। शुक्रवार की देर रात विकास के सिर में अचानक तेज दर्द हुआ। परिजन विकास को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए देहात कोतवाली में तहरीर दी। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि लवीश निवासी मनोहरपुर कोतवाली सदर बाजार, विशाल निवासी गांव नंगला कोतवाली बेहट और दो अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।