सहारनपुर। बिजली चेकिंग के नाम पर किसानों का उत्पीड़न करने सहित अन्य आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने घंटाघर स्थित विद्युत निगम के कार्यालय पर धरना दिया। उन्होंने अधीक्षण अभियंता गोपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को अधीक्षण अभियंता को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि बिजली चेकिंग के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कृष्णा कुंज और सपना विहार कालोनी में बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग करते हुए कहा कि बिजली नहीं आने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आरोप लगाया कि जिन लोगों के पास बिजली का कनेक्शन भी नहीं है उनको भी नोटिस भेजकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली के मीटरों में गड़बड़ी होने का असर उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। साथ ही किसानों को बिजली के अधिक बिल भेजे जा रहे हैं। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने से किसान बिजली का बिल जमा करने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि पूरा बकाया गन्ना मूल्य भुगतान होने तक किसी भी किसान का बिजली का कनेक्शन ना काटा जाए। इस दौरान कार्यकारी जिलाध्यक्ष अशोक त्यागी, राव सलीम, विशाल मेहरवाल, राव साजिद, हाजी इस्लाम, इसरार अल्वी, दीपक त्यागी, रईस मलिक, अरविंद त्यागी, कुलदीप चौधरी, राजदीप त्यागी, अनुज चौधरी, संजय त्यागी, सुनील राणा, अहसान, कृष्णपाल फौजी आदि मौजूद रहे।