सहारनपुर। खलासी लाइन की सड़कों से अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को विरोध झेलना पड़ा। इतना ही नहीं, कई महिलाएं जेसीबी के सामने खड़ी हो गईं, जिसकी वजह से पुलिस को बुलाना पड़ा। अंतत: निगम की टीम एक सप्ताह का समय देकर लौट गई।
नगर निगम के प्रवर्तन अधिकारी कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में प्रवर्तन दल और नगर निगम के कर्मचारी जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार को खलासी लाइन पहुंचे। जैसे ही टीम ने अतिक्रमण हटाने की शुरूआत की तो महिलाएं विरोध करने आ गई। कई महिलाएं जेसीबी के सामने अड़ गईं। हंगामा बढ़ता देख कर्नल बीएस नेगी ने पुलिस को बुलाया। इसके बाद लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया, जिसके बाद टीम लौट गई। बीएस नेगी ने बताया कि क्षेत्र में अतिक्रमण होने की लगातार शिकायत मिल रही थी। चार दिन पहले ही अधिकारियों की गाड़ियां जाम में फंस गई थीं, जिसकी वजह से अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी है। यदि एक सप्ताह में अतिक्रमण नहीं हटता है तो निगम की टीम दल और बल के साथ अतिक्रमण को हटवाएगी।

खलासी लाईन में अतिक्रमण के विरोध करते लोग- फोटो : SAHARANPUR

खलासी लाईन में अतिक्रमण हटाता निगम का महाबली- फोटो : SAHARANPUR

खलासी लाईन में अतिक्रमण के विरोध करते लोग- फोटो : SAHARANPUR