Saharanpur: बैंक में वारदात, पलक झपकते ही महिला ने थैले में कट लगाकर उड़ाए 25 हजार, सीसीटीवी कैमरे में कैद
Saharanpur News : बैंक में शातिर महिला ने पलक झपकते ही एक व्यक्ति के थैले में कट लगाकर 25 हजार रुपये उड़ा दिए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के बेहट में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बेहट शाखा में कैश निकालने आए एक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के थैले से किसी महिला ने कट लगाकर 25 हजार रुपये साफ कर दिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बैंक शाखा की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें एक महिला घटना को अंजाम देती नजर आ रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पठानपुरा मुस्तकहम निवासी मदनलाल पुत्र फूल सिंह अपने गांव में ही ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बीसी भी हैं। मदनपाल तीन अगस्त को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बेहट शाखा में कैश निकालने के लिए आया था।
मदनपाल ने बताया कि उसने अपने अकाउंट से 3.37 लाख रुपये निकाले और कैश काउंटर पर थैले में रख लिए। उसके बाद उसने कैशियर से 800 रुपये पुराने नोट बदले। इसी दौरान उसके थैले से किसी महिला ने कट लगाकर 20 हजार व पांच हजार की दो गड्डी निकाल ली। बाद में उसने कैश की गिनती की, तो उसमें 25 हजार रुपये कम थे और थैले में कट लगा हुआ था।
यह भी पढ़ें: UP: मंदिर के बाद कलक्ट्रेट में ड्रेस कोड लागू, DM का आदेश, जींस-टीशर्ट पहन दफ्तर नहीं आ सकेंगे कर्मचारी
इसके बाद उसने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित ने पुलिस और बैंक कर्मचारियों के साथ सीसीटीवी फुटेज देखी तो उसमें एक महिला रुपये निकालते हुए दिखाई दे रही है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर घटना की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही महिला की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पंचायत का फैसला: बिन ब्याही मां से ही शादी करेगा प्रेमी, इनकार किया तो हुक्का-पानी बंद करने का सुनाया फरमान