Murder : महिला का कत्ल कर नहर में फेंकी लाश, शरीर पर मिले चोट के निशान, होमगार्ड पति लापता
Murder in Saharanpur : सहारनपुर में महिला की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया। वहीं, मृतक महिला का पति होमगार्ड भी लापता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर में नानौता क्षेत्र के बाघाखेड़ी गांव की रहने वाली महिला की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया, जबकि उसका पति भी लापता है। पति होमगार्ड है और उसकी कलक्ट्रेट में ड्यूटी है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इस मामले में देर रात तक तहरीर नहीं आई थी।
सोमवार सुबह नानौता क्षेत्र के गांव भोजपुर से निकल रही नहर में एक महिला का शव पड़ा हुआ था। जिसके चेहरे और सिर पर चोट के निशान थे। नहर की तरफ जाने वाले रास्ते पर कुछ जगह खून के निशान भी मिले। सीओ गंगोह मुनीष चंद व थाना प्रभारी अमित कुमार नागर ने छानबीन शुरू की। महिला की पहचान रामपुर मनिहारान के बाघाखेड़ी गांव निवासी किरण (40) पत्नी श्रीराम उर्फ मिंटू के रूप में हुई।
वहीं, जांच में सामने आया कि हत्या कर किरण का शव नहर में फेंका गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो पता चला कि श्रीराम उर्फ मिंटू कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में हसनपुर पुलिस के चौकी के पास मकान का निर्माण करा रहा है। वह भी लापता है। परिजनों के मुताबिक, रविवार शाम श्रीराम उर्फ मिंटू और उनकी पत्नी किरण दिल्ली रोड स्थित निर्माणाधीन मकान में आकर रुके थे। दोनों को सोमवार को हरियाणा के एक अस्पताल में दवा लेने जाना था।
किरण के मायके पक्ष के लोग पहुंचे
पुलिस की सूचना पर कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के गांव नयागांव के प्रधान व किरण के ताऊ का बेटा अनूप, सगा भाई रमेश चंद और अन्य परिजन कोतवाली सदर बाजार पहुंचे। परिजनों ने किरण की हत्या कर नहर में शव फेंकने की आशंका जताई। हालांकि देर शाम तक श्रीराम उर्फ मिंटू के परिजन कोतवाली नहीं पहुंचे थे।
दोनों के मोबाइल भी मिले अलग-अलग स्थान पर
किरण का मोबाइल दिल्ली रोड पर उनके निर्माणाधीन मकान से कुछ दूरी पर पड़ा मिला है। वहीं, पति श्रीराम का फोन नानौता क्षेत्र में नहर से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर पड़ा मिला है। पुलिस दोनों की मोबाइल फोन कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।
रात एक बजे आए थे कार में कुछ लोग
मृतका के भाई रमेश चंद ने बताया कि दिल्ली रोड पर वह बहन के निर्माणाधीन मकान पर गए थे। यहां मोहल्ले के लोगों ने इन्हें बताया कि रात करीब एक बजे होमगार्ड के मकान के पास एक कार आकर रुकी थी, जिसमें एक महिला और कुछ लोग बैठे थे। उन्हें आशंका है कि इन लोगों ने ही किरण की हत्या की है। वहीं, पुलिस सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है। दंपती की कोई संतान नहीं है।
यह भी पढ़ें: UP: पांच लाख का इनामी बद्दो सोशल मीडिया पर सक्रिय, इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर पूर्व डीजीपी पर साधा निशाना
खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाया गया है। होमगार्ड की भी तलाश की जा रही है। हर बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। - डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी
यह भी पढ़ें: Ram Mandir Ayodhya: राम मंदिर के लिए त्याग का अभिप्राय बन गए चंपत राय, कहे जाते हैं रामलला के पटवारी