UP: सहारनपुर में मूसलाधार बारिश का कहर: शाकंभरी देवी मंदिर के रास्ते बंद, कई गांवों का संपर्क टूटा
सहारनपुर में लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शाकंभरी देवी मंदिर का मार्ग बंद कर दिया गया है, कई गांवों का संपर्क टूट गया है और 48 घंटे में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। पिछले 48 घंटे में 200 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि बरसाती नदियों के उफान पर आने से कई गांवों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मंदिर जाने पर रोक लगा दी है।
शाकंभरी के रास्ते बंद, गांवों का संपर्क टूटा
बेहट और शाकंभरी क्षेत्र में लगातार बारिश से बरसाती नदियां उफान पर हैं। इसके चलते खुवासपुर और हिंदूवाला सहित कई गांवों का संपर्क बाहरी क्षेत्रों से कट गया है। ग्रामीण पिछले 24 घंटे से गांवों में ही फंसे हुए हैं। प्रशासन ने किसी भी श्रद्धालु को शाकंभरी देवी मंदिर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी है।
यह भी पढ़ें: Meerut: भारी बारिश का कहर, जलमग्न सड़क पर नहीं दिखा फर्क, चालक समेत तालाब में समाई कार, युवक की तलाश जारी
शहर और शिक्षण संस्थानों में भी जलभराव
लगातार बारिश के कारण सहारनपुर शहर की कई सड़कें और कॉलोनियां जलमग्न हो गई हैं। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय परिसर में भी जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़गांव क्षेत्र के दल्हेड़ी गांव में एक मकान की दीवार गिरने की भी सूचना है।
तापमान में बड़ी गिरावट, किसानों पर मिला-जुला असर
लगातार वर्षा के कारण तापमान में करीब 15 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश थमने के आसार नहीं हैं। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक धान और गन्ने की फसलों के लिए यह बारिश लाभदायक है, जबकि आम की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। अधिक नमी के कारण आम के फलों में कालापन आने की संभावना जताई जा रही है।