UP: एटीएस ने अवैध रुप से रह रहे दो बांग्लादेशी नागरिक दबोचे, रिपोर्ट दर्ज, जेल भेजे
देवबंद में अवैध रुप से रह रहे दोनों बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दोनों के पास से नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल व बैंक पासबुक बरामद की गई है।
विस्तार
एटीएस की सहारनपुर यूनिट ने 18 जुलाई को स्टेट हाईवे-59 के समीप से एक संदिग्ध को उस समय गिरफ्तार किया था। जब वह साइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहा था। जबकि एक अन्य को दारुल उलूम वक्फ मार्ग से एटीएस ने गिरफ्तार लिया था। दोनों को टीम अपने साथ ले गई थी।
दो दिनों तक की गई पूछताछ के बाद टीम बृहस्पतिवार को दोनों बांग्लादेशी नागरिकों को साथ लेकर देवबंद पहुंची और उनके विरुद्ध कोतवाली में मामला दर्ज कराया। जिसमें बताया गया है दोनों बिना पासपोर्ट यहां रह रहे थे। इनके पास से पैन कार्ड, नकली आधार कार्ड, सिमकार्ड, मोबाइल और बैंकपास बुक बरामद हुई है।
साथ ही इसमें यह भी बताया गया है कि दोनों आरोपी दारुल उलूम वक्फ क्षेत्र में किराये पर कमरा लेकर रह रहे थे तथा टोपी बेचने का काम करते थे।
इंस्पेक्टर ह्रदय नारायण सिंह ने बताया कि एटीएस ने बांग्लादेश के जिला दिनारपुर के गांव बागो पोंदर के थाना सदर रेल बाजार निवासी हबीबुल्लाह उर्फ मिस्बाह पुत्र अबू ताहिर तथा चारा थाना जीआ पिरोजपुर निवासी अहमदुल्ला उर्फ अब्दुल अवल पुत्र अब्दुल अजीज के विरुद्ध विदेशी अधिनियम 14/14बी व धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी एटीएस यहां से अवैध रुप से रह रहे कई बांग्लादेशियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं।