बेहट (सहारनपुर)। पुलिस ने रविवार को आवंटित पट्टों की जमीन की श्रेणी बदलकर बेचने के मामले में बेहट तहसील के सेवानिवृत रजिस्ट्रार कानूनगो जनेश्वर प्रसाद और हलका कानूनगोबीरबल को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में बसपा के पूर्व एमएलसी महमूद अली, पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल बेटा मोहम्मद जावेद और तत्कालीन एसडीएम शीतल प्रसाद गुप्ता समेत 12 लोग आरोपी हैं।
27 जुलाई 2021 को असलमपुर बरथा के रणबीर सिंह ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी, कि बेहट तहसील के तीन गांवों की सार्वजनिक उपयोग की करीब 745.525 बीघा भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। इसमें गांव शेरपुर पेलो की 27.207 हेक्टेयर, रोशनपुर पेलो की 9.246 हेक्टेयर व अली अकबरपुर की 13.242 हेक्टेयर यानि कुल 49.695 हेक्टेयर (745.425 बीघा) भूमि शामिल है। एसडीएम बेहट को इसकी जांच सौंपी गई थी। जांच में स्पष्ट हुआ था, कि जिन 115 पट्टाधारकों को यह भूमि उपयोग के लिए आवंटित की गई थी, उन्होंने यह जमीन बेच दी है, जबकि उन्हें इसे बेचने का अधिकार नहीं था। एसआईटी इस मामले की जांच कर रही है।