सहारनपुर। सहारनपुर महायोजना-2031 के ड्राफ्ट प्रारूप को लेकर आयोजित बैठक में व्यापारियों और परिवहन कारोबारियों आदि ने अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरण अपना लैंड बैंक स्थापित करे।
बुधवार को विकास प्राधिकरण कार्यालय में एक बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई ने अपने सुझाव दिए। जिलाध्यक्ष शीतल टंडन एवं जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा ने कहा कि महानगर के सभी मुख्य मार्गों पर स्थित भूखंड का भू उपयोग कम से कम 100 मीटर तक व्यवसायिक घोषित किया जाना चाहिए। सघन बाजारों में निर्मित क्षेत्र को व्यावसायिक घोषित किया जाए। सभी प्रकार के मानचित्रों को स्वीकृत कराने के नियमों का सरलीकरण किया जाए। व्यवसायिक निर्माण के सामने मार्ग की चौड़ाई 12 मीटर के स्थान पर नौ मीटर प्रस्तावित की जाए। उन्होंने कहा कि भूमि लेकर विकास प्राधिकरण नोएडा, गाजियाबाद आदि की तर्ज पर बड़ी संख्या में आवासों का निर्माण करे। परिवहन कारोबारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर की समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर को मूलभूत सुविधाओं से लैस करने का एसडीए का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ है। इस दौरान अरविंद शाह, सहारनपुर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रित चावला, सरदार पीपी सिंह, ललित पोपली, संयम कक्कड़, मुकेश दत्ता, प्रेम शर्मा, मोहम्मद सलीम, चौधरी महेंद्र सिंह गुर्जर आदि मौजूद रहे।