रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। थाना रामपुर मनिहारान व जनकपुरी पुलिस की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के अंदर ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुये घटना में शामिल दो शातिर अभियुक्तों को मुठभेड के बाद गिरफ्तार कर लिया।उनके कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर मय ट्राली व अवैध असलहा, कारतूस बरामद किया गया है।
चार जनवरी को मुर्सलीन निवासी ग्राम खुर्द जनता रोड़ थाना जनकपुरी ने थाना जनकपुरी पर सूचना दी थी कि रात्रि में उसके घेर से ट्रैक्टर ट्राली को चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों विक्रम पुत्र नरेश निवासी नाजिरपुरा थाना कोतवाली देहात, विजय पुत्र हीरालाल निवासी खुर्द थाना जनकपुरी सहारनपुर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, एक खोखा कारतूस, दो कारतूस व चोरी का आयशर ट्रैक्टर मय ट्राली बरामद की है। थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।